राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। 21 जुलाई को परिणाम घोषित किए जायेंगे और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह होगा। हालांकि इसी बीच अब अभिनेता अनुपम खेर ने एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर ट्वीट किया है और उन्हें राष्ट्रपति घोषित कर दिया है।

अनुपम खेर ने ट्वीट कर लिखा कि ‘पिछले कुछ दिनो से एक वाक्य मेरे मन में बार-बार गूंज रहा है! आज सोचा लिख ही दूं! “मैं भारत का नागरिक विनम्रता पूर्वक द्रौपदी मुर्मू जी को भारत का राष्ट्रपति घोषित करता हूँ” जय हिंद!’ अनुपम खेर के इस ट्वीट पर अब लोग अपनी राय लिख रहे हैं।

लोगों की प्रतिक्रियाएं: एक यूजर ने लिखा कि ‘महोदय राष्ट्रपति का चुनाव होता है कोई आप जिल्ले इलाही नहीं हैं जो किसी को राष्ट्रपति घोषित कर दें। या तो आप अनपढ़ हैं या लोकतंत्र में विश्वास नहीं है?’ आशीष उरमलिया ने लिखा कि ‘ये आपको पहले लिखना चाहिए था। लेकिन कहीं न कहीं मन में दुविधा रही होगी जो अब क्लियर हो चुकी है।’

आशीष नाम के यूजर ने लिखा कि ‘माननीय अनुपम जी आपकी कला की कद्र करते हैं लेकिन ऐसी बचकानी बातें न किया करें। राष्ट्रपति का चुनाव संविधान के अनुसार ही होगा।’ पवन बघेल नाम के यूजर ने लिखा कि ‘राष्ट्रपति चुनाव की एक प्रक्रिया होती है , जिसके तहत ही राष्ट्रपति का चयन होता है। भावनाओं में आकर कुछ भी भी बयान मत दीजिए। आप देश की जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं।’

एक यूजर ने लिखा कि ‘एक दिन पहले ये घोषणा कर देते तो कम से कम चुनाव ना कराना पड़ता और पैसे भी बच जाते।’ पुष्पेन्द्र सिंह चौहान नाम के यूजर ने लिखा कि ‘तुम कौन हो राष्ट्रपति घोषित करने वाले?’ युसूफ खान नाम के यूजर ने लिखा कि ‘अंकल, आपको यह पहले ही बता देना चाहिए था, जरूरी नहीं कि चुनाव ही हो। इससे 5000 (सांसदों और विधायकों) का समय और पैसा बच सकता था। अगली बार कृपया इस तरह के विचारों को थोड़ा पहले साझा करें।’

बता दें कि एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना तय माना जा रहा है। विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया था लेकिन द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने के लिए कई विपक्षी दलों ने यशवंत सिन्हा से किनारा कर लिया। इससे द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने के लिए जरूरी वोट मिलते नजर आ रहे हैं।