हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर अनुपम खेर का काम बोलता है। उनकी एक्टिंग, कॉमेडी, डायलॉग्स बोलने का तरीका दर्शकों को खूब पसंद आता है। लेकिन क्या कोई जानता है एक समय ऐसा भी था जब खेर सही से बोल भी नहीं पाते थे। इस बात का खुलासा खुद एक्टर ने ‘द कपिल शर्मा शो’ में किया था। उन्होंने बताया था कि एक घटना में उनकी जीभ पर चोट लग गई थी, जिसका असर उनकी बोली पर पड़ा था।
तुतलाकर बोलने लगे थे अनुपम खेर
अनुपम खेर ने कपिल शर्मा के शो में बताया था कि एक बार वह पहाड़ पर घूम रहे थे और उनका पैर फिसल गया। इस दौरान एक नुकीला पत्थर उनकी जीभ के आर-पार हो गया। इससे उनकी बोली पर असर पड़ा और वह तुतलाकर बोलने लगे। वह ‘क’ को ‘त’ बोलने लगे थे। इसपर कपिल ने कहा कि लोग तुतलाकर बोलना सीखते हैं और अनुपम खेर ने बोलने के बाद तुतलाना सीखा।
एक्टिंग में अव्वल हैं अनुपम खेर
अनुपम खेर वो अभिनेता है जिन्होंने बेहद कम उम्र में ही अपने काम का लोहा मनवाया था। अनुपम खेर ने 29 साल की उम्र में 65 साल के बुजुर्ग का किरदार निभाया था। उनकी ये पहली फिल्म थी, जिसका टाइटल ‘सारांश’ था। इस फिल्म में किरदार के लिए खेर को 1984 में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी दिया गया था। खेर पिछले 3 दशकों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और उन्होने अपने करियर में लगभग 500 फिल्में की हैं।
‘विजय 69’ में दिखेंगे एक्टर
अब उनकी एक और फिल्म आने वाली है। यशराज फिल्म एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म ‘विजय 69’ में अनुपम खेर अहम किरदार में हैं। कुछ दिनों पहले ही फिल्म की घोषणा हुई है। फिल्म के पोस्टर के साथ अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर फैंस को जानकारी दी थी।
आपको बता दें कि साल 2022 में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ में अनुपम खेर के किरदार को काफी पसंद किया गया था। ये फिल्म कई विवादों में भी घिरी थी। अब ऐसा ही ‘द केरल स्टोरी’ के साथ हो रहा है। इस फिल्म के सपोर्ट में अनुपम खेर उतरे हैं। उन्होंने कहा जो लोग इस फिल्म को देखने जा रहे हैं उनकी इज्जत करनी चाहिए।