जम्मू कश्मीर के शोपिया में आतंकियों ने एक बार फिर आम नागरिकों पर हमला किया है। आतंकवादियों ने दो कश्मीरी पंडितों को गोली मार दी है, जिसमें एक की मौत हो गई दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं आनी भी शुरू हो गई।

इसी बीच द कश्मीर फाइल्स एक्टर अनुपम खेर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में आज भी पंडितों को मारा जा रहा है। कश्मीरी पंडितों को 30 साल से मारा जा रहा है। कश्मीर को लेकर सोच बदलनी होगी।

कश्मीरी फाइल्स को काल्पनिक बताने पर भड़के एक्टर

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अनुपम खेर ने बात करते हुए कहा कि शर्मनाक है कि आज भी कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार जारी है। वे अपनों को भी मार रहे हैं। वे भारत के साथ खड़े होने वाले सभी लोगों को मार रहे हैं। यह पिछले 30 वर्षों से हो रहा है। आप इसकी जितनी निंदा करेंगे, उतना ही कम होगा। हमें इस मानसिकता को बदलना होगा।

आपसे बड़ा पाखंडी कोई नहीं

एक्टर ने आगे कहा कि जो लोग कश्मीर फाइल्स को लेकर मुझे और विवेक अग्निहोत्री को निशाना बनाते हैं उन्हें समझना होगा कि हमने ये फिल्म बनाई तो उनके दिल में दर्द जागा। इससे उन लोगों को कश्मीरी हिंदुओं और पंडितों की त्रासदी नजर आई। ये हत्या उन तमाम लोगों के मुंह पर तमाचा है जो कश्मीर फाइल्स को काल्पनिक बता रहे थे। 5 लाख लोग जो अपने घरों से निकाल दिए गए थे उनके बारे में बोल रहे थे कि ये हो नहीं सकता। मैं उनसे कहूंगा कि आपसे बड़ा पाखंडी मैंने जिंदगी में नहीं देखा। वे सफल नहीं होने जा रहे हैं क्योंकि हमने देखा कि स्वतंत्रता दिवस पर क्या हुआ। हमारे पास कश्मीर घाटी में जितने झंडे, आजादी और विकास होगा उतना ही ये लोग चकरा जाएंगे।

इन फिल्मों में नजर आएंगे एक्टर

बता दें कि अभिनेता आखिरी बार फिल्म द कश्मीर फाइल्स में नजर आए थे। यह फिल्म 90 के दशक के दौरान घाटी में कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचारों पर आधारित है। विवके अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित इस फिल्म को देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी काफी पसंद किया गया था। अनुपम खेर के अलावा इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, मृणाल कुलकर्णी, पल्लवी जोशी जैसे कलाकार नजर आए थे। बता दें कि जल्द ही एक्टर आईबी 71 में नजर आएंगे।