Animal First Weekend Box Office Collection: संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एनिमल’ (Animal) की रिलीज को तीन दिन और पहला वीकेंड खत्म हो चुका है। रिलीज के बाद मूवी ने तीनों दिन जबरदस्त कमाई की। इसके कलेक्शन में हर दिन बंपर उछाल देखने के लिए मिली। ऐसे में रविवार को भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया। शुरुआती रिपोर्ट्स की मानें तो ‘एनिमल’ पहले वीकेंड में 200 करोड़ का आंकड़ा इंडिया में पार कर लिया है। इसी के साथ ही इसने कई रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिए हैं। ये ‘जवान’ से केवल 4 करोड़ से पीछे रह गई है। वहीं, विक्की कौशल की ‘सैम बहादुर’ ने भी अच्छा खासा कलेक्शन किया है। ऐसे में चलिए बताते हैं दोनों फिल्मों ने तीन दिन में कितना कलेक्शन किया।
बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय तक बॉलीवुड फिल्मों को सूखापन झेलना पड़ा था, लेकिन 2023 हिंदी फिल्मों के लिए अच्छा साबित हुआ। शाहरुख खान की ‘पठान’, ‘जवान’, सनी देओल की ‘गदर 2’ और सलमान खान की ‘टाइगर 3’ ने शानदार कमाई की। अब इस लिस्ट में रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ का नाम भी शामिल हो गया। साल के अंत में बॉलीवुड को एक और बड़ी हिट मिली है। इसने पहले वीकेंड 200 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, तीसरे दिन यानी कि रविवार को रणबीर कपूर की फिल्म ने इंडिया में सभी भाषाओं में 72.50 करोड़ का बिजनेस किया। वहीं, केवल हिंदी में इसने लगभग 64.80 करोड़ की कमाई की है। इसके बाद इसका टोटल कलेक्शन 202.57 करोड़ पहुंच गया है।
अगर बाकी के दो दिनों के बिजनेस के बारे में बात की जाए तो ‘एनिमल’ ने पहले दिन इंडिया में 63.8 करोड़, दूसरे दिन 66.27 करोड़ का कलेक्शन किया था। आपको बता दें कि फिल्म में रणबीर के साथ रश्मिका मंदाना, अनिल कपूर, बॉबी देओल, शक्ति कपूर और प्रेम चोपड़ा समेत अन्य कलाकार भी अहम रोल में हैं। अब देखना होगा कि ये दूसरे वीकेंड किसका रिकॉर्ड तोड़ती है।
‘सैम बहादुर’ को मिला बंपर उछाल
इसके साथ ही अगर विक्की कौशल की फिल्म ‘सैम बहादुर’ (Sam Bahadur) की कमाई में भी बंपर उछाल देखने के लिए मिली है। इसने पहले दिन 6.25 करोड़, दूसरे दिन 9 करोड़ और तीसरे दिन यानी रविवार को 10.30 करोड़ का बिजनेस किया। ऐसे में फिल्म का पहले वीकेंड टोटल कलेक्शन 25.55 करोड़ तक पहुंच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का बजट करीब 55 करोड़ है। इसे रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ के साथ 1 दिसंबर, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।