रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की अपकमिंग फिल्म ‘गली बॉय’ के म्यूजिक लॉन्च इवेंट के दौरान मौजूद फैन्स की भीड़ में एक ऐसा चेहरा नजर आया जिसे देखकर कोई भी दंग हो जाए। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता नंदा बच्चन फैन्स की भीड़ में नजर आईं। खास बात यह है कि उन्हें कोई भी पहचान नहीं पाया। श्वेता नंदा बच्चन भीड़ में खड़े होकर आलिया-रणवीर का हौसला बढ़ाते हुए नजर आईं। श्वेता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बार-बार देखा जा रहा है।

वीडियो को देखने से पता लगता है कि श्वेता नंदा बच्चन रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की बड़ी फैन हैं। बता दें कि रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘गली बॉय’ 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में आलिया ने रणवीर सिंह की लेडी लव का रोल अदा किया है। फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया है कि किस तरह से एक चॉल में रहने वाला लड़का रैपर बन जाता है। रैप सॉन्ग से जुड़ी इस फिल्म के म्यूजिक लॉन्च में आलिया और रणवीर सिंह ने जबरदस्त परफॉर्मेंस भी दी थी। इवेंट में ग्रीन कलर की अंतरंगी ड्रेस में नजर आए रणवीर सिंह ने खूब धमाल मचाया था।

म्यूजिक लॉन्च इवेंट में रणवीर सिंह मौजूद भीड़ में कूद पड़े थे और लोगों ने उन्हें हाथों-हाथ हवा में रखा था। आलिया भट्ट भी रणवीर सिंह की तरह ग्रीन कलर के कॉम्बिनेशन की शानदार ड्रेस में नजर आई थीं। इवेंट में दोनों स्टार्स की धमाचौकड़ी के वीडियोज और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह ने पहली बार अपनी आवाज में रैप किया है। रणवीर सिंह की किस्मत का सितारा इन दिनों बुलंदियों में हैं। साल 2018 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘सिंबा’ बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करते हुए 100 करोड़ के क्लब के नजदीक पहुंच गई है।

नरेंद्र मोदी से मिले बॉलीवुड सेलेब्स, शामिल हुईं आलिया, भूमि, रणवीर सिंह ने PM को दी जादू की झप्पी