अमेरिकन आइडल स्टार और ग्रैमी विजेता स्टार मैंडिसा का 47 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह फ्रैंकलिन, टेनेसी में अपने घर पर संदिग्ध हालात में मृत पाई गईं। मैंडिसा के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर उनके निधन की जानकारी दी गई है। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल कर रही है। इस खबर से मैंडिसा के फैंस काफी दुखी हो गए हैं।
मैंडिसा ने ‘अमेरिकन आइडल 5’ में हिस्सा लिया था, इसके साथ ही वह ग्रैमी अवॉर्ड विनर भी थीं। उनके सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा है, “हम पुष्टि कर सकते हैं कि कल मैंडिसा अपने घर में मृत पाई गई थीं। इस समय हमें मौत का कारण या कोई अन्य विवरण नहीं पता है।
हम इस कठिन समय में उनके परिवार और करीबी दोस्तों के लिए आपकी प्रार्थनाएं चाहते हैं। मैंडिसा दुनिया भर में जीवन की चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों के लिए प्रोत्साहन और सच्चाई की आवाज थीं।”
मैंडिसा का पूरा नाम मैंडिसा लिन हंडले था और वह अपने कमाल की आवाज के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने साल 2006 में अमेरिकन आइडल में हिस्सा लिया था, जहां वह जीती नहीं थीं, लेकिन उन्होंने अपनी गायकी के लिए खूब सुर्खियां बटोरी थी। वह इस शो में 9वें स्थान पर थीं। इसके बाद उन्होंने साल 2007 में ट्रू ब्यूटी नाम से एक म्यूजिक एल्बम निकाली। ये उनकी डेब्यू एल्बम थी।
इसके बाद मैंडिसा ने एक के बाद एक कई हिट सॉन्ग किए और ग्रैमी अवॉर्ड जीता। उनका दुनिया से अचानक चले जाना म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान है।