अभिनेता और फिल्ममेकर अजय देवगन ने गलवान घाटी संघर्ष पर फिल्म बनाने का ऐलान कर दिया है। इस बात की जानकारी ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श ने अपने सोशल मीडिया से दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘अजय देवगन गलवान घाटी में हुई घटना पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। फिल्म का टाइटल अभी नहीं सोचा गया है। फिल्म में उन 20 सैनिकों की कहानी दिखाई जाएगी जिन्होंने चीनी आर्मी से डटकर मुकाबला किया। फिल्म की कास्ट भी अभी तक सोची नहीं गई है।’ वहीं इसके अलावा अजय इस साल फिल्म भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया फिल्म में नज़र आने वाले हैं।

गौरतलब है कि 15 जून को लद्दाख स्थित गलवान घाटी में चीनी सेना और भारतीय जवानों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसमें 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। 45 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ था, जब दोनों सेनाओं के बीच इस तरह की हिंसक झड़प देखने को मिली। इससे पहले साल 1975 में चीन के कुछ सैनिकों ने अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना के गस्ती दल पर अटैक किया था। वहीं देश की राजनीति और बॉलीवुड में गहरा जुड़ाव देखने को मिलता है। देश की राजनीति में अगर कोई बड़ी उथल-पुथल होती है, तो बॉलीवुड में उस पर फिल्म बनने में देर नहीं लगती है।

अजय देवगन की ये फिल्म गलवान घाटी में चीनी सेना के सामने बहादुरी से डटे रहने वाले 20 भारतीय जवानों के पराक्रम की कहानी होगी। इस बात से ये अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि फिल्म को बड़े स्तर पर बनाया जाएगा। वहीं इसमें 20 आर्मी जवानों का किरदार निभाने के लिए बड़ी कास्टिंग होने की भी उम्मीद है। हालांकि इस फिल्म के अभिनेता और निर्देशकों को लेकर कोई सूचना नहीं दी गई है। फिल्म में अजय देवगन खुद भी नज़र आएंगे या नहीं इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।

बता दें हाल ही में अयज देवगन ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मैदान’ का पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया। ये फिल्म साल 2021 में स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले यानि 13 अगस्त को रिलीज़ की जाएगी। इससे पहले इस साल उनकी फिल्म भुज : द प्राइड ऑफ इंडिया’ की रिलीज को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। अजय की ये फिल्म जल्दी ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम की जा सकेगी।