अभिनेता निर्माता अजय देवगन अब मुंबई के जुहू इलाके में स्थित एक आलीशान बंगले के मालिक बन गए हैं। बताया जा रहा है कि अजय देवगन के विशाल बंगले की कीमत 60 करोड़ रुपए है। अजय देवगन का बंगला उस इलाके में स्थित है जहां बी टाउन के नामचीन हस्तियों का घर है। अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, अक्षय कुमार और ऋतिक रोशन आदि स्टार्स उस इलाके में रहते हैं।

अजय देवगन का यह बंगला 590 स्क्वायर यार्ड्स में फैला हुआ है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता के प्रवक्ता ने बंगला खरीदे जाने की पुष्टि की है। प्रवक्ता ने बताया कि अजय देवगन पिछले एक साल से प्रॉपर्टी की तलाश कर रहे थे। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अजय देवगन का यह बंगला उसी लेन में है जहां अजय देवगन का घर ‘शक्ति’ है। अजय देवगन काजोल और अपने दो बच्चों न्यासा और युग के साथ शक्ति में ही रह रहे हैं।

अजय देवगन से पहले यह बंगला पुष्पा वालिया का था। इस बंगले की मूल कीमत 65-70 लाख बताई गई थी। अजय देवगन ने इस बंगले को किस कीमत पर खरीदा है इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

 

वहीं अजय देवगन के काम की बात करें तो वो एसएस राजमौली की अपकमिंग फिल्म RRR का हिस्सा हैं। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में जूनियर एनटीआर और राम चरण नजर आएंगे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स और ज़ी 5 पर स्ट्रीम होगी। सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म RRR को तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ भाषाओं में ज़ी 5 पर देखा जा सकेगा और नेटफ्लिक्स पर यह हिंदी, पुर्तगाली, कोरियन, तुर्की, स्पेनिश भाषा में उपलब्ध होगी।

 

अजय देवगन स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म मैदान में भी नजर आने वाले हैं। इसके मेकर्स में बोनी कपूर भी शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में यह स्पष्ट किया था कि फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं की जाएगी। फिल्म के सेट को ताऊते तूफान से भी बेहद नुकसान पहुंचा था। बोनी कपूर ने कहा था कि उन्हें कोरोनावायरस के बाद अब ताऊते तूफ़ान की वजह से फिल्म का सेट तीसरी बार बनाना पड़ेगा।