एआईबी विवाद में करण जौहर फंसते दिख रहे हैं। मुंबई पुलिस ने करण को बयान दर्ज करने के लिए शनिवार को समन जारी किया। दिसंबर 2013 में इस प्रोग्राम में अश्लीलता को लेकर मामला दर्ज किया गया था। कोर्ट ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने और जांच कर रिपोर्ट सबमिट करने को कहा था। पुलिस के मुताबिक, करण का बयान चार्टशीट का अहम हिस्सा है, जिसे अभी कोर्ट में पेश किया जाना है। उन्हें बयान देना ही होगा। करण इस समय लंदन में हैं, उनसे बात नहीं हो पाई है। उनके वकील को-ऑर्डिनेट कर रहे हैं। आपको बता दें कि सोशल एक्टिविस्ट संतोष डौंडकर ने फरवरी 2014 में मुंबई के सिटी कोर्ट में केस फाइल किया था।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को भी समन भेजे जाएंगे। चार्जशीट सबमिट करने से पहले चीफ सेक्रेटरी से मंजूरी ली जाएगी।
स्टैंडअप कॉमेडियन ग्रुप एआईबी का ‘एआईबी रोस्ट नॉकआउट इवेंट’ एक चैरिटी प्रोग्राम था। यह दिसंबर 2013 में मुंबई के वर्ली में हुआ था, जिसे 4,000 दर्शकों ने लाइव देखा था। इसमें अश्लील डायलॉग के जरिए रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर समेत कई हस्तियों की हंसी उनकी ही मौजूदगी में उड़ाई थी। उस प्रोग्राम को फिल्ममेकर करण जौहर होस्ट कर रहे थे। कार्यक्रम का वीडियो 28 जनवरी को एआईबी के यूट्यूब पेज पर डाला गया था, जो कि वायरल हो गया था। बाद में वीडियो को यूट्यूब से हटा लिया गया।
बता दें कि यह प्रोग्राम ‘यूएस सेलिब्रिटी रोस्ट्स’ से इन्सपायर है। इंडियन वर्जन में करण जौहर ‘रोस्टरमास्टर’ के रोल में थे।