प्रभास और कृति सेनन स्टारर ‘आदिपुरुष’ के लेकर मनोज मुंतशिर ने एक बार फिर फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर अपनी सफाई पेश की है। फिल्म के डायलॉग के लिए मनोज मुंतशिर को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा उनके खिलाफ फिल्म में अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए तमाम लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। जिसके चलते मनोज ने कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से ब्रेक ले लिया था। अब वह कई महीनों बाद इस बारे में बात करते नजर आए हैं।
मनोज मुंतशिर ने हाल ही में आजतक के साथ खास बातचीत की। जिसमें उनसे सवाल किया गया कि क्या वह इस बात को मानते हैं कि उनसे फिल्म की स्क्रिप्ट लिखने में चूक हुई है? इसके जवाब में मनोज ने कहा कि वह मानते हैं कि लिखने में चूक हुई है। वह अपनी लिखने के हुनर को डिफेंड नहीं करते। इसलिए वह इसे मानने के लिए तैयार हैं कि उनसे लिखने में 100 प्रतिशत गलती हुई है। लेकिन उन्होंने धर्म या सनातन को ठेस पहुंचाने के लिए ऐसा नहीं किया।
मनोज ने कहा कि जो कुछ हुआ वह अनजाने में हुआ, ऐसा करने के पीछे उनका कोई मकसद नहीं था। ये बहुत बड़ी गलती हुई है और उससे उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। मनोज ने कहा जो गलती हो गई है उससे सीख लेकर वह आने वाले समय में एहतियात बरतने वाल हैं। उन्होंने कहा कि 600 करोड़ की फिल्म अगर बनाई जा रही है तो वह चाहेंगे की फिल्म बढ़िया ही बने। मनोज ने कहा,”कौन चाहेगा कि इस फिल्म को बनाकर हम अपना करियर खत्म कर लें। इसके पीछे हमारा कोई एजेंडा नहीं था बस चीजें खराब होती चली गईं।”
ये मेरी सबसे बड़ी भूल थी
मनोज ने फिल्म की स्क्रिप्ट को अपनी सबसे बड़ी भूल बताया है। उनका कहना है कि अपनी सफाई देने के लिए वो समय ठीक नहीं था जब फिल्म को लेकर विवाद चल रहा था। वो समय सफाई देने के लिए सही नहीं था। लोग उनसे नाराज हुए और वह नाराजगी जायज थी।
मनोज मुंतशिर ने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने पर भी बात की। उन्होंने बताया जो भी उस वक्त नेगिटिविटी चल रही थी तो ब्रेक लेना जरूरी था। सोशल मीडिया पर जो फॉलोवर्स हैं वो आप चाहे भारत रहें या विदेश वह साथ ही रहेंगे। इसलिए उन्होंने सोशल मीडिया से ब्रेक ले लिया था और विदेश में जाकर आत्ममंथन किया।