बॉलीवुड एक्टर रजा मुराद सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाकी से राय रखते हैं। हाल ही में रजा ने CAA यानी नागरिकता संशोधन कानून पर अपनी बात रखी है। इस संदर्भ ने रजा ने सिंगर-कंपोजर अदनान सामी के नागरिकता पर सवाल उठाते हुए सरकार को निशाने पर लिया। एक्टर ने एक हिंदी चैनल से बातचीत में कहा- अगर देश पाकिस्तानी गायक अदनान सामी को भारत की नागरिकता दे सकता है तो वह बाकी लोगों को क्यों नहीं दे रहा है।
रजा मुराद ने नागरिकता संशोधन कानून को संविधान के खिलाफ बताया। चूंकि देश और बाहर से आए लोगों की नागरिकता पर ज्यादा बहस हो रही है ऐसे में रजा मुराद ने अदनान सामी के नागरिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अदनान सामी के पिता ने तो हमारे देश पर बमबारी की थी। बकौल रजा मुराद, ‘ये कानून हमारे संविधान के विपरीत है। सरकार को इस कानून को रोल बैक करना चाहिए। अदनान सामी को नागरिकता दे सकते हो तो औरों को क्यों नहीं? अदनान सामी के वालिद ने तो साल 1965 की जंग में हमारे देश पर बमबारी की थी।’
बता दें अदनान सामी को नागरिकता मोदी की सरकार में प्रदान की गई थी। साल 2016 में अदनान को भारतीय नागरिकता मिली थी। CAA को लेकर जहां बॉलीवुड की कई हस्तियां इस कानून का पुरजोर विरोध किया था वहीं अदनान ने एक तरह से सरकार का पक्ष लेते हुए कहा था, नागरिकता कानून उन धर्म के लोगों के लिए है जिन्हें धर्म के आधार पर प्रताड़ित किया जा रहा है। इस्लाम धर्म के लोगों को अपने धर्म के चलते अफगानिस्तान, पाकिस्तान या फिर बांग्लादेश में ये प्रताड़नाएं नहीं झेलनी पड़ रही हैं क्योंकि वे वहां बहुसंख्यक हैं। मुस्लिम समुदाय अब भी भारत की सिटिजनशिप के लिए अप्लाई कर सकता है। कानूनी तौर पर सभी का स्वागत है।
गौरतलब है कि CAA को लेकर देशभर में प्रोटेस्ट चल रहे हैं। इसमें ना सिर्फ आम आदमी हिस्सा ले रहा है बल्कि बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियों ने खुलकर इसका विरोध करते हुए सड़कों पर उतरे थे। इसमें प्रमुख रूप से अनुराग कश्यप, अनुभव सिन्हा, विशाल भारद्वाज, ऋचा चड्ढा, स्वरा भास्कर, सुशांत सिंह, फरहान अख्तर जैसे एक्टर शामिल थे। इसके साथ ही बांग्ला कलाकार भी एक वीडियो के माध्यम से नागरिकता कानून का विरोध करते नजर आए थे।