एक्टर ओम पुरी पत्नी नंदिता से कानूनी रूप से अलग हो गए हैं। हालांकि ओम पुरी अपने बेटे ईशान से मिल सकेंगे। दोनों की शादी को 26 साल हो चुके थे। नंदिता ने ओम पुरी पर ऑटोबायोग्राफी लिखी थी और इसके बाद से दोनों में तनातनी चल रही थी। ओम पुरी ने बताया कि, पिछले सप्ताह कोर्ट का ऑर्डर आया। यह हमारी संवेदनाओं का टकराव था। लोगों के साथ ऐसा होता है और इसमें कुछ भी असामान्य नहीं हैं। नंदिता और हम ईशान की पढ़ाई और पालन पोषण को लेकर संपर्क में रहेंगे।’
ओम पुरी की वकील जलजा नांबियार ने बताया कि दंपती तलाक लिए बिना एक दूसरे से अलग रहेंगे। उन्होंने बताया कि, ‘ ओम पुरी तलाक चाहते थे लेकिन बाद में उन्होंने समझौता कर लिया। इसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। इसके तहत वे कानूनी रूप से विवाहित दंपती हैं लेकिन अलग रहेंगे। वे एक दूसरे के मामले में दखल नहीं देंगे।’ वहीं नंदिता ने इस बारे में बताया कि, कोई शर्त नहीं रखी गई। सब कुछ शांति से हो गया। गौरतलब है कि इससे पहले नंदिता ने ओम पुरी पर घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था।
नंदिता ने बताया कि, ‘हम अलग अलग रहेंगे। हमने एक दूसरे पर लगाए केस वापस ले लिए हैं।’ ओम पुरी के साथ वापस रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, ‘ मुझे नहीं पता।’ नंदिता ने ओम पुरी पर ‘अनलाइकली हीरो: द स्टोरी ऑफ ओम पुरी’ किताब लिखी थी। ओम पुरी का कहना था कि नंदिता ने उनके पुराने रिश्तों को गलत तरह से पेश किया।