अभिनेता बिक्रमजीत कंवरपाल का शुक्रवार को 52 वर्ष की उम्र में कोरोना से निधन हो गया है। उन्होंने कई लोकप्रिय फिल्मों और टीवी शोज में काम किया था। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की जानकारी सोशल मीडिया पर दी जिसके बाद बॉलीवुड कलाकारों ने भी शोक जताया है। मनोज बाजपेई, रोहित बोस रॉय, नील नितिन मुकेश आदि कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

अशोक पंडित ने उनके निधन की जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट पर देते हुए लिखा, ‘आज सुबह कोरोना की वजह से मेजर बिक्रमजीत कंवरपाल के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। एक रिटायर आर्मी ऑफिसर कंवरपाल ने कई फिल्मों और टीवी सीरियल में सपोर्टिंग रोल किए।’ अशोक पंडित ने अभिनता के करीबियों के प्रति अपनी संवेदना जताई है।

उनके साथ काम कर चुके मनोज बाजपेई ने लिखा, ‘हे भगवान! कितना दुखद समाचार! हम दोनों एक- दूसरे को पूछले 14 सालों से जानते थे, फिल्म 1971 की शूटिंग के समय से। हैरान हूं।’

 

 

बिक्रमजीत कंवरपाल हिमाचल प्रदेश के सोलन के रहने वाले थे। उनके पिता द्वारका नाथ कंवरपाल एक इंडियन आर्मी ऑफिसर थे जिन्हें उनके पराकर्म के लिए साल 1963 में कीर्ति चक्र से नवाजा गया था। पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए बिक्रमजीत कंवरपाल ने 1989 में इंडियन आर्मी ज्वॉइन किया था।

 

हालांकि बचपन से ही उनका सपना था कि वो एक्टिंग करें लेकिन ऐसा हो न सका और वो आर्मी में चले गए। साल 2002 में वो मेजर पद से रिटायर हो गए थे। इसके बाद साल 2003 में अपने बचपन के सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया।

 

उन्होंने पेज 3, आरक्षण, मर्डर 2, साहो, 2 स्टेट्स जैसी फिल्में की। बिक्रमजीत कंवरपाल ने टीवी जगत में भी बेहतरीन काम किया था। उन्होंने दीया और बाती हम, ये हैं चाहतें, दिल ही तो है और अनिल कपूर के शो 24 में काम किया। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी वो शानदार काम कर रहे थे। आखिरी बार उन्हें डिज्नी प्लस हॉटस्टार की लोकप्रिय वेब सीरीज Special Ops में देखा गया था।