Bigg Boss OTT 2: बिग बॉस के ओटीटी वर्जन का दूसरा सीजन भले ही एल्विश यादव ने जीता हो, लेकिन फुकरा इंसान उर्फ अभिषेक मल्हान के फैंस ने उन्हें विनर मान लिया है। सोशल मीडिया पर अभिषेक छाए हुए हैं। लोगों का कहना है कि अभिषेक ने ट्रॉफी न जीती हो, लेकिन जनता का दिल उन्होंने ही जीता है। जीत की असली लड़ाई अभिषेक और एल्विश के बीच थी। लेकिन एल्विश को अधिक वोट मिले और वह जीत गए। इस वक्त अभिषेक अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

अभिषेक शो के आखिरी दिनों में बीमार पड़ गए थे। जिसके कारण उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। खबर है कि उन्हें डेंगू हुआ है और इसी के चलते इस वक्त वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। फिनाले में भी अभिषेक डॉक्टरों से कुछ देर की इजाजत लेकर शामिल होने आए और जैसे ही विनर घोषित हुआ वह अपने पेरेंट्स के साथ दोबारा अस्पताल के लिए निकल गए।

अस्पताल जाते वक्त वीडियो वायरल

अभिषेक शो के सेट से निकलकर सीधे अस्पताल के लिए रवाना हुए। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें वह कार की पीछे वाली सीट पर बीच में बैठे नजर आ रहे हैं। उनके एक तरफ उनकी मां और दूसरी तरफ पिता बैठे हैं।

अस्पताल से फैंस को किया धन्यवाद

अभिषेक मल्हान को यकीन था कि वह ये शो जीतेंगे। लेकिन अब वो ये शो भले ही नहीं जीते पर उन्हें भारी वोट मिले हैं। इसी के लिए उन्होंने अपने फैंस का धन्यवाद किया है। अभिषेक ने अस्पताल से एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह हॉस्पिटल बेड पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने ढेर सारा प्यार देने के लिए फैंस को धन्यवाद कहा है। इसके साथ ही उन्होंने एल्विश को अपना भाई बताते हुए उन्हें भी शो जीतने की बधाई दी है।

टूट गए मां-बाप के सपने

जिस वक्त सलमान खान ने एल्विश को शो का विनर घोषित किया, उस वक्त अभिषेक के माता-पिता काफी उदास नजर आए। अभिषेक की मां को यकीन नहीं हो रहा था कि उनका बेटा शो नहीं जीता है। काफी देर तक वह अपनी सीट पर ही बैठी रहीं। हालांकि बाद में उन्होंने एल्विश को आशीर्वाद दिया।