सलमान खान (Salman khan) अपनी दरियादिली के लिए जाने जाते हैं। उनकी दरियादिली के खूब किस्से रहे हैं। वो किसी की मदद करने से भी कभी पीछे नहीं रहते हैं। ऐसे में अब राहुल रॉय की बहन ने खुलासा किया है कि उनके पास अस्पताल का बिल भरने के लिए पैसे भी नहीं थे तो उस समय ‘भाईजान’ ने उनकी मदद की थी। कोरोना काल में उन्हें काफी बुरे वक्त से गुजरना पड़ा था।
‘आशिकी’ फेम एक्टर राहुल रॉय को साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक आया था। इसके चलते वो काफी समय तक बिस्तर में थे। दरअसल, राहुल रॉय की बहन प्रियंका रॉय ने ‘बॉलीवुड हंगामा’ से बातचीत की थी। उन्होंने बताया कि सलमान खान असली हीरो हैं। उन्होंने बुरे वक्त में उनका और उनके परिवार का साथ दिया था। एक्टर की बहन ने कहा था कि ‘वो सलमान खान को थैंक्यू कहना चाहती हैं। उन्होंने भाई के अस्पताल के बकाया बिल चुकाए थे। सलमान खान ने फरवरी में ये मदद की थी।’
डायरेक्टर ने भी की थी मदद
राहुल की बहन प्रियंका रॉय ने साफ किया कि उनके भाई और एक्टर को ब्रेन स्टोक आया था। तब वो ‘LAC: लाइव द बैटल इन कारगिल’ की शूटिंग कर रहे थे। इस फिल्म की पूरी फीस देकर फिल्म के डायरेक्टर ने उनकी काफी मदद की थी। लेकिन भाईजान ने जो मदद की थी वो कभी नहीं भूल सकते हैं।
प्रियंका ने की सलमान की तारीफ
राहुल रॉय की बहन प्रियंका ने सलमान की तारीफ करते हुए कहा कि ‘उनकी खूबसूरत बात ये है कि उन्होंने कभी भी इस बारे में मीडिया के सामने कुछ नहीं कहा। वो मानती हैं किसी इंसान का साथ होना। भाईजान की यही बात उनके दिल को छू गई।’
