90 के दशक के बच्चों को अब अपने सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ को दोबारा देखने का मौका मिलने वाला है, वो भी बड़े परदे पर। जी हां! शक्तिमान अब वापस आ रहा है। गुरुवार को सोनी पिचर्स इंडिया ने भारतीय सुपरहीरो को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए इसका टीजर जारी किया है।
इस एक मिनट के वीडियो में धरती की एक झलक और फिर एक व्यस्त सड़क दिखाई दे रही है। जिसके बाद लिखा आता है कि जैसे ही अंधकार और बुराई मानवता पर हावी होती है, उसके लौटने का समय आ गया है। इसके बाद शक्तिमान का प्रतीक दिखता है। हालांकि शक्तिमान का चेहरा अभी रिवील नहीं किया गया है।
फिल्म के कलाकारों की घोषणा अभी नहीं की गई है और निर्देशक का नाम भी तय नहीं हुआ है। टीजर के बाद लोगों में ये जानने की उत्सुकता बढ़ने वाली है कि शक्तिमान का किरदार कौन निभाने वाला है।
ट्रे़ड एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर शेयर करते हुए लिखा है, 90 के दशक के पॉपुलर टीवी शो ‘शक्तिमान’ के आइकॉनिक किरदार को जल्द ही बड़े पर्दे पर लेकर आया जाएगा। इसके लिए ‘सोनी पिक्चर्स’ ने फिल्म एडेप्टेशन राइट्स ले लिए हैं। शक्तिमान एक्टर मुकेश खन्ना और सोनी पिक्चर्स इसपर काम कर रहे हैं।
आपको याद दिला दें कि ‘शक्तिमान’ साल 1997 में दूरदर्शन पर प्रसारित किया गया था। ये शो लोगों को इतना पसंद आया कि 8 साल तक इस शो की लोकप्रियता बरकरार रही। टीवी के सबसे लोकप्रिय शोज में से एक था। जिसे बच्चे बेहद पसंद किया करते थे। इस शो में मुकेश खन्ना ‘शक्तिमान’ का किरदार निभाया करते थे। शो के एपिसोड के अंत में वो बच्चों को कोई न कोई सीख दिया करते थे। बच्चों के साथ-साथ बड़े भी इस शो को पसंद किया करते थे। इस फिल्म की टीम को विश्वास है कि ये फिल्म लोगों को पसंद आएगी।