OTT Adda: बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर महेश भट्ट का आज जन्मदिन है। महेश भट्ट 76 साल के हो गए हैं। अपनी फिल्मों के लिए कई बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके महेश भट्ट ने कई ऐसी फिल्में बनाई हैं जिन्हें देखने के बाद आपके दिल और दिमाग पर गहरा असर होता है। आज हम आपको उनकी कुछ ऐसी ही फिल्मों के बारे में बताने वाले हैं। ये 6 ऐसी फिल्में हैं जो बेहद शानदार हैं और ओटीटी पर उपलब्ध भी हैं तो आप आसानी से घर बैठे इन फिल्मों को देख सकते हैं।

ज़ख्म

साल 1998 में आई फिल्म ‘ज़ख्म’ का निर्देशन महेश भट्ट ने किया है, इस फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। इस फिल्म में अजय देवगन, पूजा भट्ट, सोनाली बेंद्रे, नागार्जुन और कुणाल खेमू जैसे सितारों ने काम किया है। ये फिल्म महेश भट्ट ने अपनी मां शिरीन मोहम्मद अलीके की जिंदगी पर बनाई थी। जिसमें पूजा भट्ट ने वो रोल निभाया था। इस फिल्म को राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का नरगिस दत्त पुरस्कार दिया गया था। इस फिल्म के लिए अजय देवगन ने नेशनल अवॉर्ड जीता था। इस फिल्म पर बाद में महेश भट्ट ने नामकरण नाम का एक टीवी सीरियल भी बनाया था। जो स्टार प्लस पर प्रसारित हुआ था। इस फिल्म को आप जियो सिनेमा पर मुफ्त में और प्राइम वीडियो पर सब्सक्रिप्शन के साथ देख सकते हैं।

अर्थ

शबाना आजमी और कुलभूषण खरबंदा की फिल्म ‘अर्थ’ का निर्देशन महेश भट्ट ने किया था। इस फिल्म की कहानी महेश भट्ट ने अपनी और परवीन बॉबी की लव स्टोरी पर लिखी थी। अपने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर लिखी इस कहानी को खूब पसंद किया गया। इस फिल्म को बाद में तमिल में मरुपदियुम के रूप में रीमेक किया गया। इस फिल्म में जगजीत सिंह और चित्रा के साथ में गाईं कुछ बेहतरीन गज़लें भी हैं। फिल्म के सभी गाने जगजीत और चित्रा ने संगीतबद्ध किए थे। ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो…’, ‘झुकी झुकी सी नजर’ जैसी बेहतरीन गज़ले इस फिल्म में है। ये फिल्म 1 करोड़ के बजट में बनी थी और बॉक्स ऑफिस पर इसने 2 करोड़ की कमाई की और सुपरहिट साबित हुई। ये फिल्म आप यूट्यूब पर मुफ्त में देख सकते हैं।

आशिकी

साल 1990 में महेश भट्ट की एक फिल्म आती है जो ब्लॉकबस्टर बन जाती है। फिल्म के गाने सुपरहिट होते हैं और फिल्म का हीरो डेब्यू से ही हर तरफ छा जाता है। हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘आशिकी’ की। इस फिल्म में राहुल रॉय, अनु अग्रवाल और दीपक तिजोरी लीड रोल में हैं। फिल्म अपने बेहतरीन गानों और खूबसूरत लव स्टोरी के लिए जानी जाती है। इस फिल्म को फिल्मफेयर के लिए 7 नॉमिनेशन मिले थे और 4 अवॉर्ड फिल्म ने जीत लिए थे। बाद में ये फिल्म कन्नड़ में भी रोजा नाम से बनी। इस फिल्म के म्यूजिक एल्बम की 20 मिलियन यूनिट बिकीं जो बॉलीवुड में एक रिकॉर्ड बना। फिल्म का म्यूजिक नदीम-श्रवण ने दिया था। इस फिल्म के एल्बम को प्लैनेट बॉलीवुड ने “100 महानतम बॉलीवुड साउंडट्रैक” में चौथा स्थान दिया। रिलीज़ होने पर फिल्म को पॉजिटिव रिव्यूज मिलें और ताबड़तोड़ कमाई की। 1 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 5 करोड़ का धमाकेदार बिजनेस किया और ब्लॉकबस्टर साबित हुई। श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर को लेकर आशिकी 2 बनाई गई और ये फिल्म भी सुपरहिट हुई। कार्तिक आर्यन को लेकर आशिकी 3 बनाई जा रही है। ये फिल्म यूट्यूब पर मुफ्त में उपलब्ध है।

नाम

साल 1986 में महेश भट्ट फिल्म ‘नाम’ लेकर आते हैं। ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर बन जाती है। फिल्म में नूतन के साथ संजय दत्त, कुमार गौरव, पूनम ढिल्लों, अमृता सिंह और परेश रावल अहम रोल में नजर आते हैं। ये फिल्म महेश भट्ट के करियर में एक मील का पत्थर मानी जाती है। इस फिल्म के गाने भी बेहतरीन हैं खासतौर पर ‘चिट्ठी आई है’ गाना खूब पॉपुलर हुआ। संजय दत्त को भी इस फिल्म के लिए तारीफ मिली। ये फिल्म भी आप यूट्यूब पर मुफ्त में देख सकते हैं।

सारांश

सारांश फिल्म की बात होती है तो जेहन में सबसे पहले अनुपम खेर का ख्याल आता है। महज 28 साल की उम्र में अनुपम खेर ने एक बुजुर्ग का रोल निभाया था। महेश भट्ट द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उनकी पत्नी सोनी राजदान भी नजर आई थीं। फिल्म में रोहिणी हट्टंगड़ी, मदन जैन, सुहास भालेकर और नीलू फुले ने भी अभिनय किया है। अनुपम खेर ने इस फिल्म से डेब्यू किया था। इस फिल्म के लिए महेश भट्ट को क्रिटिक्स से खूब तारीफ मिली थी। भारत की तरफ से ये फिल्म ऑस्कर के लिए भी गई थी हालांकि इस फिल्म को नॉमिनेशन नहीं मिला। यह फिल्म महेश भट्ट ने अपने आध्यात्मिक गुरु यूजी कृष्णमूर्ति के जवान बेटे की कैंसर से मौत और एक महाराष्ट्रियन दंपत्ति के एकलौते बेटे की न्यूयॉर्क में हुई हत्या से प्रेरित थी। इस फिल्म के लिए अनुपम खेर ने बेस्ट एक्टर का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता था। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो और एप्पल टीवी पर सब्सक्रिप्शन के साथ देख सकते हैं।

गुमराह

गुमराह फिल्म भी महेश भट्ट ने बनाई थी, ये साल 1993 में आई एक बेहतरीन एक्शन क्राइम ड्रामा फिल्म थी। इस फिल्म की कहानी सुजीत सेन और रॉबिन भट्ट ने लिखी थी। इस फिल्म में इसमें संजय दत्त , श्रीदेवी , अनुपम खेर और राहुल रॉय अहम किरदार में थे। गुमराह ऑस्ट्रेलियाई शॉर्ट सीरीज बैंकॉक हिल्टन पर आधारित थी। इस फिल्म में काम करने के लिए श्रीदेवी को 39वें फिल्मफेयर पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नॉमिनेशन मिला था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 5.8 करोड़ का शानदार बिजनेस किया था। महेश भट्ट द्वारा निर्देशित फिल्म गुमराह को आप नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो पर सब्सक्रिप्शन से और यूट्यूब और गूगल पे पर 50 रुपये देकर देख सकते हैं।