35 वर्षीय अभिनेत्री आर्या बनर्जी की साउथ कोलकाता स्थित अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वो विद्या बालन संग, ‘द डर्टी पिक्चर’ में काम कर चुकी थीं साथ ही उन्होंने कई और बॉलीवुड फिल्में भी की थीं। आर्या बनर्जी का वास्तविक नाम देवदत्ता बनर्जी था, लेकिन फिल्मों में आने के लिए उन्होंने अपना नाम बदल लिया था। वो दिवंगत सितार वादक निखिल बंधोपाध्याय की सबसे छोटी बेटी थीं। आर्या ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में लव सेक्स और धोखा से की थी। इसके बाद वो 2011 में डर्टी पिक्चर में नज़र आईं। उन्होंने मुंबई में मॉडलिंग भी की थी।

आपको बता दें कि आर्या बनर्जी शुक्रवार को अपने घर पर मृत पाई गईं थीं। निखिल बंधोपाध्याय की बेटी आर्या बनर्जी साउथ कोलकाता के जोधपुर पार्क में एक अपार्टमेंट में रहती थीं। उनकी नौकरानी ने जब सुबह उनके अपार्टमेंट की बेल बजाई तो अभिनेत्री की तरफ से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। कई बार बेल बजाने पर भी वो नहीं आईं तो नौकरानी ने पड़ोसियों को खबर दी। पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

रिपोर्ट्स की माने तो, जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो उनका शरीर खून से लथपथ था। पुलिस ने घर का दरवाज़ा तोड़ा और अंदर देखा कि आर्या बेड पर पड़ी हैं, उनके नाक से खून बहा है और उन्होंने वोमिटिंग भी की है। पुलिस को आर्या की मेड ने बताया कि उन्होंने आर्या को कई बार कॉल भी किया था लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने पुलिस को यह भी कहा कि आर्या किसी से ज़्यादा मेल जोल नहीं रखती थीं और अकेली ही अपने अपार्टमेंट में रहती थीं।

पुलिस ने बताया है कि एक्ट्रेस की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के कारण का पता लगाया जा रहा है। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी आर्या ने कमरे से जांच के लिए नमूने एकत्र किया हैं। पुलिस की जांच में यह सामने आया कि आर्या खाना बाहर से ही फूड डिलीवरी ऐप्स से मांगती थीं। उनके साथ एक पालतू कुत्ता रहता था। पुलिस अभिनत्री के कॉल डिटेल्स को भी खंगाल रही है।