सोनी टेलीविजन पर जल्द ही सलमान खान का शो ’10 का दम’ शुरू होने वाला है। सोनी के ट्विटर हेंडल से पिछले दिनों इस शो का एक टीजर शेयर किया गया था जिसमें सलमान खान कहते दिखे थे, ‘आ रहा हूं मैं।’ इस तरह के शो आम जनता के लिए किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं होते। इससे एक तो अच्छी खासी रकम जीती जा सकती है, दूसरा अपने फेवरेट स्टार से मिला और उन्हें करीब से देखा भी जा सकता है। अगर आप भी इस बार इस शो में पार्टिसिपेट करने की सोच रहे हैं तो इसके लिए आपको थोड़ी गाइडेंस की जरूरत है।
सलमान के शो में भाग लेने के लिए इस शो के मेकर्स द्वारा एक ऐप प्रोवाइड की जाएगी। उस ऐप को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर यूजर को लॉग इन कर अपनी बेसिक डिटेल्स भरनी होंगी। इस दौरान आपसे कुछ सवाल पूछे जाएंगे जिसके जवाब आपको बड़ी होशियारी से देने होंगे। इन सवालों के जवाब आपको ‘हां या ना’ में देने होंगे। अपनी सुविधा अनुसार आप अपनी भाषा का चुनाव कर सकते हैं। अगर आप हिंदी में जवाब देना चाहते हैं तो हिंदी चुनें और अंग्रेजी में जवाब देना चाहते हैं तो ऑप्शन में अंग्रेजी चुनें। इस दौरान आपको 40 लेवल पार करने होंगे। हर लेवल में 20 सवाल पूछे जाएंगे। हर लेवल पार करने के बाद प्लेयर को एक गिफ्ट भी दिया जाएगा। इस दौरान जिस प्लेयर ने सबसे ज्यादा स्कोर किया होगा उसे ऑडिशन के लिए बुलाया जाएगा। इस ऑडिशन को क्लियर करने के बाद उसे शो में सलमान खान के साथ ’10 का दम’ में खेलने का मौका मिलेगा।
.@BeingSalmanKhan is back with your favourite game show #DusKaDum! To know more about it, keep watching Sony Entertainment Television. pic.twitter.com/mEqGnRbiJl
— sonytv (@SonyTV) March 10, 2018
अब आपका सवाल होगा, कि लेवल्स के दौरान किस तरह के सवाल पूछे जाएंगे। उदाहरण के लिए बता दें, जैसे, ‘क्या आप रोज अपने बालों में तेल लगाते हैं?’, ‘क्या आपने कभी अपने पिता को कस कर गले लगाया है?’ और ‘क्या आप शाकाहारी हैं?’ इस तरह के सवाल पूछे जा सकते हैं। तो अगर आप इस शो में जाने की ख्वाहिश रखते हैं तो इतनी जानकारी आपके लिए कुछ हद तक मददगार साबित हो सकती हैं। अपने फोन में इस एप्लिकेशन को डाउनलोड कर गेम खेलने वालों को हर एपिसोड में प्राइज जीतने का मौका मिल सकेगा। आपको बता दें, इस शो में भाग लेने के लिए Sony Entertainment Television द्वारा शनिवार को यह ऐप लॉन्च किया जाएगा। यह ऐप 18 मार्च से Sony LIV पर अवेलेबल होगा।
