उत्तराखंड और गोवा में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सोमवार को वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दूसरे फेज का मतदान भी सोमवार को होगा। इन राज्यों में चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Uttarakhand Assembly Election- इस पहाड़ी राज्य में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और शाम छह बजे तक लोग वोट डाल सकेंगे। चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए 11,697 मतदान केंद्र बनाएं हैं। राज्य में 81 लाख मतदाता हैं जो 70 सीटों पर 152 निर्दलीय सहित 632 उम्मीदवार का फैसला करेंगे। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की कुल 70 सीटों में से 57 पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस के हिस्से 11 सीटें आई थीं। दो सीटें निर्दलीय को मिली थीं।

सन् 2000 में इसके गठन के बाद उत्तराखंड में होने वाला यह पांचवां विधानसभा चुनाव होगा। इन चुनावों में जिन महत्वपूर्ण उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया जाना है, उनमें भाजपा की ओर से सीएम पुष्कर सिंह धामी, उनके कैबिनेट सहयोगी सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडे, धन सिंह रावत और रेखा आर्य के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक के नाम शामिल हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रीतम सिंह शामिल हैं।

Goa Assembly Election: गोवा में सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक लोग वोट डाल सकेंगे। गोवा विधानसभा चुनाव में लगभग 11.6 लाख मतदाता वोटिंग के लिए पात्र हैं। इसमें 9,590 दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक आयु के 2,997 व्यक्ति, 41 यौनकर्मी और नौ ट्रांसजेंडर शामिल हैं। राज्य की 40 सीटों पर विभिन्न पार्टियों के 301 उम्मीदवार खड़े हैं।

2017 के चुनाव में गोवा में 82.56 प्रतिशत मतदान हुआ था। उस समय कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 13 पर जीत मिली थी। तब भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय संगठनों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ गठबंधन किया था।

UP Elections 2022 Phase 2: यूपी में सोमवार को दूसरे चरण के लिए वोटिंग होगी। इस चरण में राज्य के नौ जिलों की 55 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। राज्य में सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। दूसरे चरण में जिन 55 सीटों पर मतदान होगा, वे ज्यादातर रोहिलखंड क्षेत्र में स्थित है।

दूसरे चरण के नौ जिलों – सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर की इन सीटों पर 586 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन 55 सीटों में से बीजेपी ने 2017 में 38 सीटें जीती थीं। वहीं सपा ने 15 सीटें जीती थीं।