भाजपा का दावा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीन चरण के मतदान के रूझान ने विरोधी दलों की नींद उड़ा दी है। इसलिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर निजी हमले कर रहे हैं।  भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा ने एक मुलाकात में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता देश के बाद प्रदेश की बागड़ोर भाजपा को देना तय कर चुकी है। तीन चरण के मतदान के बाद स्थिति और साफ होती जा रही है। प्रधानमंत्री और आजपा अध्यक्ष समेत भाजपा नेताओं की सभाओं में जिस उत्साह से लोग शामिल हो रहे हैं, उससे साफ है कि अगले चार चरण के मतदान में भी भाजपा की बढ़त कायम रहेगी। भाजपा पूर्ण बहुमत से उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष पर आरोप लगाने वालों को जनता पहले भी जबाब दे चुकी है। जनता इस चुनाव में भी उन्हें जबाब दे रही है।

प्रधानमंत्री के रमजान के साथ-साथ दिवाली पर भी बिजली उपलब्ध करवाने के बयान पर प्रभात झा ने कहा कि इसमें गलत क्या है। भाजपा तो इस देश में रहने वाले हर नागरिक के हित की ख्याल रखने की बात करती रही है। मोदी सरकार का तो नारा ही है ‘सबका साथ, सबका विकास’। उन्होंने कहा कि इस देश में किसी भी चुनी हुई सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए कि वह एक समुदाय का ही काम करती है। हिंदू और मुसलमान तो देश की दो आंखें हैं। प्रधानमंत्री ने इसे सकारात्मकता से लोगों के सामने रखा। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के पिछले पांच साल के विकास के दावे की पोल खोेली है।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के सवाल पर झा का कहना था कि ऐसा पहले भी होता रहा है। भाजपा में उन प्रदेशों में अनेक नेता मुख्यमंत्री बनने की योग्यता रखते हैं, इसलिए भाजपा को चुनाव के बाद मुख्यमंत्री चुनने में कोई कठिनाई नहीं आने वाली है। उत्तर प्रदेश की जनता को पता है कि पिता-पुत्र की सरकार ने पिछले पांच साल में क्या किया है। कानून-व्यवस्था का क्या हाल रहा। किसानों, मजदूरों और नौजवानों के लिए क्या काम किए गए। कैसे अधूरे कामों को चुनाव के नाम पर चालू किया गया। भाजपा नेता ने कहा कि अगर सपा सरकार ने इतना काम ही किया है तो उसे कांग्रेस के वैसाखी की जरूरत क्यों पड़ी। कांग्रेस जो सालों से देश भर में एकक्षत्र राज कर रही थी उसे उत्तर प्रदेश में चौथी-पांचवी पार्टी बनने में शर्म नहीं लगी। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि बसपा का हाल तो और बुरा है। उसके राज में हर स्तर पर हुए भ्रष्टाचार ने पिछले सभी सरकारों के रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि अभी तो आधे सीटों के भी चुनाव नहीं हुए हैं, इतने में ही सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा की नींद उड़ गई है।
प्रभात झा पंजाब के प्रभारी हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि भाजपा वहां बड़ी दावेदार नहीं है। अकाली दल की सहयोगी है और हमें भरोसा है कि पंजाब की जनता तीसरी बार अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार बनाएगी।