UP Nagar Nikay Chunav 2023 Voting : उत्तर प्रदेश में गुरुवार (11 मई, 2023) को निकाय चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ। इस फेज में कुल 9 मंडल के 38 जिलों में वोटिंग हुई। मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलन्दशहर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, कानपुर नगर, कानपुर देहात तथा अमेठी समेत 38 जिलों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया, जोशाम 6 बजे संपन्न हुआ। यूपी निकाय चुनाव में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि सात नगर निगमों-मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, अलीगढ़, कानपुर नगर एवं अयोध्या में महापौर एवं पार्षदों के निर्वाचन के लिए 6,111 पोलिंग बूथ और 1,798 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी तरह 95 नगर पालिका परिषदों में 8,198 पोलिंग बूथ और 2,537 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 268 नगर पंचायतों और 3,495 नगर पंचायत वार्डों के लिए 5,309 पोलिंग बूथ और 2,043 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

Live Updates

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के लिए आज 38 जिलों में वोटिंग हो रही हैं। यहां पढ़ें चुनाव से जुड़ा हर अपडेट-

19:08 (IST) 11 May 2023
बीजेपी सांसद और सपा कार्यकर्ता भिड़े

मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने कई ट्वीट करके कन्नौज के गुरसहायगंज मतदान केंद्र पर सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा फर्जी मतदान का आरोप लगाया। पार्टी ने कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक और उनके समर्थकों पर सपा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से अभद्रता करने का भी आरोप लगाया और चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की अपील की।

17:29 (IST) 11 May 2023
दादरी में दो फर्जी मतदाता गिरफ्तार

दादरी नगर पालिका में वोट डालने आए दो फर्जी मतदाताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मिहिर भोज बालिका डिग्री कॉलेज के बूथ नंबर 63 और 64 पर आए दोनों फर्जी मतदाताओं के पास से मिली वोट डालने वाली पर्ची का मतदाता सूची में दर्ज उनके नाम से मिलान नहीं हुआ।

प्रवक्ता ने बताया कि फर्जी वोट डालने के आरोप में पकड़े गए रामखिलावन के पास से इकरामुउद्दीन (पुत्र जोहर खान) तथा दूसरे अभियुक्त अहमद के पास से बल्लू (पुत्र सुलेमान) के नाम की पर्ची मिली। उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना दादरी में धारा 171- डी के तहत मुकदमा दर्ज कर रामखिलावन और अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

15:44 (IST) 11 May 2023
अनुप्रिया पटेल बोलीं- ठोस काम किए

मिर्जापुर में वोट डालने वाली केंद्रीय मंत्री और अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जिले की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और बड़ी परियोजनाएं यहां आएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने कभी भी खोखले वादे नहीं किए और पिछले नौ वर्षों में जिले में ठोस काम किए गए हैं।

15:43 (IST) 11 May 2023
घाटमपुर में निर्दलीय प्रत्याशी के पति पर गोली चलवाने का आरोप

समाजवादी पार्टी ने घाटमपुर (कानपुर) में निर्दलीय प्रत्याशी के पति पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि दलितों और पिछड़ों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है।

15:42 (IST) 11 May 2023
कन्नौज में भिड़े सपा और भाजपा समर्थक

कन्नौज से प्राप्त सूचना के अनुसार, जिले के गुरसहायगंज नगर पालिका क्षेत्र में आज मतदान के दौरान सरोजनी देवी आर्य इंटर कालेज में सपा समर्थकों व भाजपा समर्थकों में मारपीट हो गई। सपा प्रत्याशी राज सिंह उर्फ छोटे ठाकुर ने भाजपा समर्थकों पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाया। घटना को देखते हुए सरोजनी देवी आर्य इंटर कालेज में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।

15:41 (IST) 11 May 2023
सपा बोली- पुलिस की भाजपा के गुंडों से मिलीभगत

समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर आरोप लगाया है, "आजमगढ़ की नगर पंचायत महाराजगंज में पुलिस की मिलीभगत से भाजपा के गुंडों द्वारा समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है। संज्ञान ले चुनाव आयोग। निष्पक्ष मतदान हो सुनिश्चित।"

उन्होंने ट्वीट किया, "कन्नौज नगर पालिका परिषद के भोलानाथ धर्मशाला पोलिंग बूथ पर मतदान करने गए मुस्लिम समाज के मतदाताओं के साथ सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट की जा रही है। पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। संज्ञान ले चुनाव आयोग। निष्पक्ष मतदान हो सुनिश्चित।"

15:40 (IST) 11 May 2023
मऊ में 6 फर्जी मतदाता गिरफ्तार

मऊ जिले के एक मतदान केंद्र पर करीब छह फर्जी मतदाताओं के पकड़े जाने की सूचना है।

15:39 (IST) 11 May 2023
सीएम योगी बोले- पहले मतदान, फिर जलपान

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव-2023 का आज अंतिम चरण है। सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनाने के लिए लोकतंत्र के इस उत्सव में अवश्य सहभागी बनें। मतदान जरूर करें। आपका अमूल्य वोट आपके नगर निकाय को और अधिक सशक्त बनाएगा। ध्यान रहे, पहले मतदान, फिर जलपान!"

15:38 (IST) 11 May 2023
बुलंदशहर में 100 से अधिक फर्जी मतदाता गिरफ्तार

बुलंदशहर से मिली सूचनाओं के अनुसार, निकाय चुनाव में फर्जी मत डालने पहुंचे 100 से अधिक फर्ज़ी मतदाताओं को गिरफ्तार किया गया है। जिला अधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने फर्ज़ी मतदाताओं को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। फर्जी मतदान पर जिलाधिकारी ने कहा कुछ लोगों ने अपने फर्जी आधार बनाए थे, कुछ लोगों के द्वारा फर्जी सरकारी कर्मचारी का कार्ड बनाया गया था। उन्होंने बताया कि ऐसे 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।

15:38 (IST) 11 May 2023
दोपहर 1 बजे तक 30 फीसदी मतदान

यूपी निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक 30.80 प्रतिशत मतदान हो चुका है। दोपहर एक बजे तक इटावा में 33.79 फीसदी, गौतमबुद्ध नगर में 42.40 फीसदी, गाजियाबाद में 27.23 फीसदी, कानपुर में 23.51, बरेली 30.78, अलीगढ़ 28.89 और अयोध्‍या में 36.57 फीसदी वोट पड़े हैं।

12:54 (IST) 11 May 2023
सुबह 11 बजे तक कानपुर में 14.24 फीसदी मतदान

सुबह 11 बजे तक मतदान

कानपुर- 14.24 फीसदी

औरेया में 25.36 फीसदी

11:28 (IST) 11 May 2023
गौतमबुद्ध नगर में 11 बजे तक कुल 28.23 फीसद मतदान

गौतमबुद्ध नगर में सुबह 11 बजे तक हुए मतदान का प्रतिशत नगर पालिका परिषद दादरी- 23.48

नगर पंचायत दनकौर- 27

नगर पंचायत बिलासपुर-31.51

नगर पंचायत जेवर-29.27

नगर पंचायत जहांगीरपुर-29.02

कुल मत प्रतिशत- 28.23

11:18 (IST) 11 May 2023
कन्नौज में भाजपाई गुंडे हमारे कार्यकर्ताओं से कर रही मारपीट- सपा का आरोप

समाजवादी पार्टी ने एक वीडियो शेयर कर भाजपा पर सपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया है। सपा ने एक वीडियो शेयर कर ट्विटर पर लिखा- 'कन्नौज की गुरसहायगंज नगर पालिका परिषद में भाजपाई गुंडे सपा कार्यकर्ताओं से कर रहे अभद्रता, मारपीट। निंदनीय।'

https://twitter.com/samajwadiparty/status/1656535149507665925

10:44 (IST) 11 May 2023
कानपुर में भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच झड़प

कानपुर के गुजैनी में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच झड़प की खबर है। वहीं, अयोध्या के बीकानेर में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी सामने आया है।

10:38 (IST) 11 May 2023
यूपी निकाय चुनाव में भाजपा के लिए क्या हैं चुनौतियां?

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव को अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इस नजरिए से यह भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि दिल्ली का रास्ता यूपी से ही तय होता है। नीचे दिए गए लिंक में पढ़िए आम चुनाव से पहले भाजपा के लिए यूपी निकाय चुनाव जीतना कितना अहम है-

UP Nagar Nikay Chunav 2023: यूपी नगर निकाय चुनाव में जानिए भाजपा के लिए क्या हैं चुनौतियां? सीएम योगी ने खुद संभाली कमान

10:22 (IST) 11 May 2023
गौतमबुद्ध नगर में कुल 168924 वोटर्स करेंगे मत का प्रयोग

गौतमबुद्ध नगर जिले में कुल 168924 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे, जिसमें 90354 पुरुष व 78570 महिलाएं कुल मतदाता है। रबूपुरा में अध्यक्ष व सदस्य निर्विरोध निर्वाचित होने से कुल 14112 मतदाता कम हो गए हैं,जिसमें 7615 पुरुष और 6133 महिलाएं मतदाता कम हो गए है।

10:20 (IST) 11 May 2023
कानपुर में वोटिंग से पहले निर्दलीय प्रत्याशी के पति को मारी गोली

कानपुर में नगर पालिका अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी के पति को वोटिंग से पहले गोली मार दी गई। बदमाशों ने चुनावी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती करवाया गया है।

10:14 (IST) 11 May 2023
गौतमबुद्ध नगर में 9 बजे तक 11.94 फीसद वोटिंग दर्ज

गौतमबुद्ध नगर के दादरी नगर पालिका और जेवर, जहांगीरपुर, बिलासपुर और दनकौर नगर पंचायत के लिए वोट डाले जा रहे हैं। जिले में कुल 72 वार्ड में मतदान हो रहा है, जिसके लिए 35 मतदान केन्द्र व 166 मतदान स्थल बनाए गए हैं। पूरे गौतमबुद्ध नगर में सुबह 9 बजे तक मतदाता कुल मत 11.94 प्रतिशत मतो का प्रयोग कर चुके थे।

10:13 (IST) 11 May 2023
दादरी में 9 बजे तक 10.3 प्रतिशत मतदान

दादरी में कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जा रहे हैं। जेवर में मॉडल बूथ और पिंक बूथ एक ही मतदाता स्थल पर बनाए गए हैं। सुबह 9 बजे तक दादरी में 10.3 प्रतिशत, नगर पंचायत दनकौर में 11.7 प्रतिशत, बिलासपुर में 14.2 प्रतिशत, जेवर 9.2 प्रतिशत, जहांगीरपुर में 10.7 प्रतिशत मतदान हुआ।

10:11 (IST) 11 May 2023
अलीगढ़ में 9 बजे तक 6.93 प्रतिशत मतदान

अलीगढ़ में निकाय चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग चल रही है। सुबह 9 बजे तक 6.93 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सबसे ज्यादा वोटिंग गभाना नगर पंचायत 12.01 में दर्ज की गई है।

09:05 (IST) 11 May 2023
गौतमबुद्ध नगर में वोटिंग जारी

उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए गौतमबुद्ध नगर में वोटिंग चल रही है। नीचे देखें वोटिंग के दौरान एक मतदान केंद्र की तस्वीरें-

https://twitter.com/ANINewsUP/status/1656492297981415425

08:59 (IST) 11 May 2023
भाजपा ने उतारे सबसे ज्यादा मुस्लिम उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में इस बार भाजपा ने सबसे ज्यादा मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं। आइए जानते हैं सपा और बसपा की क्या है रणनीति

यहां करें क्लिक- UP: बीजेपी का मुस्लिमों पर दांव, SP का शहरों पर निशाना और मायावती दलितों के भरोसे

08:33 (IST) 11 May 2023
UP Nikay Chunav: यूपी निकाय चुनाव में किस पार्टी के सबसे ज्यादा उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में सबसे ज्यादा उम्मीदवार किस पार्टी ने उतारे हैं? नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी डिटेल

UP Nikay Chunav 2023: यूपी निकाय चुनाव में भाजपा ने उतारे सबसे ज्यादा उम्मीदवार, जानें बाकी पार्टियों का क्या है हाल

08:18 (IST) 11 May 2023
UP Chunav 2023: ग्रेटर नोएडा में वोट डालने जा रही महिला की मौत

ग्रेटर नोएडा में वोट डालने जा रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

08:09 (IST) 11 May 2023
UP Nikay Chunav: कासगंज में भी हो रही वोटिंग, जानें इस सीट का इतिहास

अलीगढ़ मंडल के कासगंज जिले में भी निकाय चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग हो रही है। आइए जानते क्या हैं इस सीट का इतिहास-

यहां करें क्लिक- UP Nikay Chunav 2023: आजादी से पहले की है कासगंज की सोरों तीर्थक्षेत्र नगर पालिका, जानें यहां का इतिहास

07:59 (IST) 11 May 2023
UP Nagar Nikay Chunav 2023 Voting Live: दूसरे चरण में 1.92 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट

राज्‍य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण के तहत राज्य के 38 जिलों में 1.92 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे।

07:46 (IST) 11 May 2023
दूसरे चरण में कितने उम्मीदवार

दूसरे चरण में 7 नगर निगम की मेयर सीटों के लिए 83 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन नगर निगमों के पार्षद के 581 पद हैं, जिन पर 3840 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, 95 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष पद के लिए 969 उम्मीदवार और नगर पालिका के 2520 पार्षद सीटों के लिए 13315 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, 276 नगर पंचायत के अध्यक्षों के पद के लिए 2942 उम्मीदवार और इनके सदस्य पदों के लिए 17997 उम्मीदवार मैदान में हैं।

चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों के पहले चरण के तहत गत चार मई को मतदान हुआ था। चुनाव परिणामों की घोषणा आगामी 13 मई को की जाएगी। राज्‍य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण के तहत राज्य के 38 जिलों में 1.92 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे। दूसरे चरण में मेरठ, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ़, कानपुर और अयोध्या नगर निगमों के महापौर का भी चुनाव होगा।