चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। 10 फरवरी से लेकर सात मार्च तक सात चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। वहीं 10 मार्च को मतगणना होगी।

UP Assembly election 2022 Schedule: उत्तर प्रदेश में 403 सीटों पर विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। भाजपा और सपा दोनों पार्टियों के लिए यह चुनाव अहम है। दरअसल उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताया जा रहा है। सियासी तौर पर यह राज्य वैसे भी ज्यादा मायने रखता है। सपा ने भी इस बार प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। वर्तमान में भाजपा और सपा के बीच ही मुख्य मुकाबला दिखायी दे रहा है। प्रदेश में मायावती की बसपा, असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और अन्य कई छोटे दल भी मैदान में उतरेंगे। अब तक सपा ने कई छोटे दलों के साथ गठबंधन का ऐलान कर दिया है।

पिछले चुनाव की बात करें तो उत्तर प्रदेश में एनडीए के खाते में 312 सीटें आई थीं। वहीं बसपा को 19 और सपा को 47 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

Uttarakhand Assembly election 2022 Schedule: उत्तराखंड में 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव होना है। वहीं सत्ताधारी भाजपा ने पिछले एक साल में ही तीन बार मुख्यमंत्री बदले हैं। ऐसे में देखना है कि जनता एक बार फिर ‘डबल इंजन’ के वादे पर विश्वास करती है या नहीं। पिछले चुनाव में भाजपा 56 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत मिला था। वहीं कांग्रेस के खाते में मात्र 11 सीटें आई थीं।

Punjab Assembly election 2022 Schedule: पंजाब की 117 सीटों में पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 77 पर जीत हासिल कर ली थी। वहीं अकाली दल-भाजपा गठबंधन को झटका लगा था और केवल 18 सीटें खाते में आई थीं। आम आदमी पार्टी को भी 20 सीटें हासिल हुई थीं। वर्तमान की स्थिति पर नजर डालें तो अब अकाली दल और भाजपा के रास्ते अलग अलग हो गए हैं। दोनों पार्टियां अलग चुनाव लड़ेंगी। वहीं कई सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी की स्थिति मजबूत हो गई है। पंजाब में सियासी ड्रामे के बीच मुख्यमंत्री रहे कैप्टन अमरिंदर को पद से हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को पदभार दिया गया है।

Goa Assembly election 2022 Schedule: 40 विधानसभा सीटों वाले गोवा भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर है। पिछली बार भाजपा ने सरकार बनाई थी। हालांकि सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ही बनकर उभरी थी। इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस भी किस्मत आजमा रही है।

Manipur Assembly election 2022 Schedule: वहीं मणिपुर में 60 विधानसभा सीटों में से पिछली बार कांग्रेस को 28 और भाजपा को 21 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। अन्य दलों को 11 सीटों पर जीत मिली थी।

Assembly Elections 2022 Schedule: आठ जनवरी को चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में मतदान का कार्यक्रम घोषित कर दिया। (ग्राफ सोर्स: टीवी स्क्रीनशॉट)

Live Updates
18:32 (IST) 8 Jan 2022
पश्चिमी यूपी से शुरू होगी यूपी में वोटिंग

यूपी में पश्चिमी यूपी से मतदान शुरू होगा। पहले चरण में मुजफ्फरनगर, नोएडा, शामली, अलीगढ़, मथुरा और आगरा में 10 फरवरी को मतदान होगा।

17:50 (IST) 8 Jan 2022
पूरा कार्यक्रम

चुनाव आयोग ने आगामी पांच राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सारी डिटेल जारी कर दी है।

16:30 (IST) 8 Jan 2022
दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के मामले में मुख्य सचिव, डीएम होंगे जिम्मेदार : चुनाव आयोग

मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा है कि अगर चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का उल्लंघन होता है तो मुख्य सचिव और डीएम जिम्मेदार होंगे।

16:29 (IST) 8 Jan 2022
सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त

कानून-व्यवस्था की स्थिति और खतरे की आशंका को देखते हुए सभी चुनावी राज्यों में पर्याप्त सीएपीएफ कंपनियां तैनात की जाएंगी।

16:21 (IST) 8 Jan 2022
मणिपुर में मतदान

मणिपुर में 27 फरवरी और तीन मार्च को वोट डाले जाएंगे।

16:18 (IST) 8 Jan 2022
गोवा, पंजाब और उत्तराखंड में मतदान

गोवा, पंजाब और उत्तराखंड में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।

16:17 (IST) 8 Jan 2022
10 मार्च को रिजल्ट

पहला चरण: 10 फरवरी, दूसरा चरण: फरवरी 14, तीसरा चरण: फरवरी 20, चौथा चरण: 23 फरवरी, पांचवां चरण: 27 फरवरी, छठा चरण: 3 मार्च, सातवां चरण: 7 मार्च। मतगणना 10 मार्च को होगी।

16:13 (IST) 8 Jan 2022
उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को

उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान होगा।

16:11 (IST) 8 Jan 2022
सात चरणों में होंगे सभी पांच राज्यों में चुनाव

चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि सभी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव सात चरणों में कराए जाएंगे।

16:08 (IST) 8 Jan 2022
रोड शो, रैलियों की अनुमति नहीं: चुनाव आयोग

मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा है कि कोरोना की स्थिति को देखते हुए 15 जनवरी तक पांच राज्यों में रोड शो, पदयात्रा या रैलियों की अनुमति नहीं होगी।

16:06 (IST) 8 Jan 2022
चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों का होगा पूर्ण टीकाकरण : चुनाव आयोग

मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा का कहना है कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों का पूर्ण टीकाकरण किया जाना है। उन्होंने कहा कि सभी चुनाव अधिकारी जो पात्र हैं, उन्हें एहतियात के तौर पर बूस्टर खुराक दी जाएगी।

16:05 (IST) 8 Jan 2022
यहां कर सकेंगे शिकायत

आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, धन के वितरण और मुफ्त उपहारों की किसी भी घटना की रिपोर्ट करने के लिए मतदाता, चुनाव आयोग के सी-विजिल एप्लिकेशन का उपयोग कर सकते हैं। शिकायत के 100 मिनट के भीतर चुनाव आयोग के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे जाएंगे।

16:03 (IST) 8 Jan 2022
आदर्श आचार संहिता

सीईसी ने कहा कि शेड्यूल की घोषणा के तुरंत बाद आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू हो जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने एमसीसी दिशानिर्देशों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। इन दिशानिर्देशों के किसी भी उल्लंघन से सख्ती से निपटा जाएगा

16:02 (IST) 8 Jan 2022
इनके लिए होगा डाक मतपत्र

80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, विकलांग व्यक्ति और कोरोना संक्रमित डाक मतपत्र द्वारा मतदान कर सकते हैं।

16:00 (IST) 8 Jan 2022
सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का इस्तेमाल

सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव आयोग ने चुनाव के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट सुनिश्चित करने के लिए पहले ही व्यवस्था कर ली है।

15:59 (IST) 8 Jan 2022
आपराधिक रिकॉर्ड को सार्वजनिक करना अनिवार्य: चुनाव आयोग

सीईसी सुशील चंद्रा ने कहा है कि राजनीतिक दलों के लिए यह अनिवार्य है कि वे उम्मीदवारों के रूप में चुने गए लंबित आपराधिक मामलों वाले व्यक्तियों के बारे में विस्तृत जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड करें। इसके साथ ही उम्मीदवारों के चयन के लिए उन्हें कारण भी देना होगा।

15:47 (IST) 8 Jan 2022
प्रत्येक विधानसभा में महिलाओं के लिए कम से कम एक मतदान केंद्र अनिवार्य: सीईसी

चुनाव आयोग ने कहा है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष रूप से महिलाओं के लिए कम से कम एक मतदान केंद्र अनिवार्य होगा।

15:44 (IST) 8 Jan 2022
ओमीक्रोन को ध्यान में रखते हुए हम सभी सावधानियां बरतेंगे: सीईसी सुशील चंद्रा

प्रेस कांफ्रेस में सीईसी सुशील चंद्रा ने कहा कि इस बार चुनाव आयोग के तीन उद्देश्य हैं:

पहला- कोविड सुरक्षित चुनाव, दूसरा- आसान चुनाव और तीसरा- अधिकतम मतदाता भागीदारी। उन्होंने कहा- "हम पिछले छह महीने से चुनावी तैयारियों पर काम कर रहे हैं। ओमीक्रोन को ध्यान में रखते हुए हम हर संभव सावधानी बरतेंगे।"

15:38 (IST) 8 Jan 2022
पिछले दो वर्षों से, कोविड ने चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण बना दिया है: सीईसी सुशील चंद्र

मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कोविड के कारण चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण कार्य हो गया है। उन्होंने कहा- "पिछले दो वर्षों से, कोविड ने चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण बना दिया है"।

15:23 (IST) 8 Jan 2022
भाजपा को हराने के इच्छुक किसी भी दल का समर्थन लेने को कांग्रेस तैयार: चिदंबरम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने की इच्छुक किसी भी पार्टी का समर्थन स्वीकार करने के लिए तैयार है। उनका यह बयान तृणमूल कांग्रेस पार्टी के गोवा प्रभारी महुआ मोइत्रा के सुझाव के तुरंत बाद आया है। इसमें उन्होंने कहा था कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए तैयार है।

15:11 (IST) 8 Jan 2022
थोड़ी देर में होगा ऐलान

भारत निर्वाचन आयोग जल्द ही गोवा, पंजाब, मणिपुर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करेगा।

14:51 (IST) 8 Jan 2022
यूपी को पहले चरण में 150 सीएपीएफ कंपनियां मिलेंगी

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पहले चरण में केंद्र द्वारा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों की कुल 150 कंपनियां को तैनात किया जाएगा। जिसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और एसएसबी के जवान रहेंगे।

14:43 (IST) 8 Jan 2022
दोपहर साढ़े तीन बजे विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा चुनाव आयोग

चुनाव आयोग आज दोपहर 3.30 बजे गोवा, पंजाब, मणिपुर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करेगा।

14:42 (IST) 8 Jan 2022
आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल जहां 15 मार्च को समाप्त हो रहा है, वहीं पंजाब सदन का कार्यकाल 27 मार्च को, मणिपुर का 19 मार्च को, गोवा का 15 मार्च को और उत्तराखंड का 23 मार्च को समाप्त हो रहा है।