उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गधे पर चढ़कर नामांकन भरने आने वाले उम्मीदवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मंगलवार को 35 वर्षीय देवी राम प्रजापति के खिलाफ पशु क्रूरता के आरोप में मंगलवार को एफआईआर दर्ज की है। प्रजापति दादरी सीट से अपना नामांकन भरने के लिए सोमवार को गधे पर सवार होकर जिला कलेक्टरेट पहुंचे थे। इसके साथ ही नोएडा से भाजपा उम्मीदवार पंकज सिंह के खिलाफ भी यूपी चुनाव के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। मंगववार को सिंह पांच कारों में सवार अपने समर्थकों के साथ नामांकन भरने पहुंचे थे।

सूरजपुर पुलिस स्टेशन के एचएचओ अनुज कुमार ने बताया, ‘पंकज सिंह के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने का मामला दर्ज किया गया है, क्योंकि वे नामांकन केंद्र में छह-सात कारों के साथ पहुंचे थे। इसकी अनुमति नहीं है। मंगलवार को प्रजापति के खिलाफ हमने पशु क्रूरता एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ‘

प्रजापति सफेद रंग के गधे पर सवार होकर आए थे। उन्होंने गधे फूलों की मालाएं पहनाई हुई थी। इसके साथ ही उनके गांव के कुछ लोग साथ भी थे। हालांकि, राष्ट्रीय नौजवान पार्टी से ताल्लुक रखने वाले प्रजापति ने इसे ‘परेशान’ करने वाला कदम बताया है। उन्होंने दावा किया कि गरीब लोगों के लिए गधों पर सवारी करना आम बात है। प्रजापति कुम्हार जाति से ताल्लुक रखते हैं। प्रजापति स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा. ‘हमारे पूर्वज गधों को पालते थे। वे समुदाय के अहम हिस्सा होते हैं। गधों का इस्तेमाल मिट्टी, बर्तन और कपड़े लाने और ले जाने के लिए किया जाता है। हम कभी भी गलत तरीक से उनके साथ पेश नहीं आते।’

प्रजापति ने अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को राज्य प्रशासन की एक साजिश करार दिया है। प्रजापति ने कहा कि उन्होंने गधे पर सवार होकर नामांकन भरने का फैसला इसलिए किया कि क्योंकि वे अपने समुदाय स्थिति को दिखाना चाहते थे।