कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को आठ और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पहले घोषित दो सीटों पर उम्मीदवार बदले गए हैं। हालांकि, इस लिस्ट में पूर्व क्रिकेटर और भाजपा के पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू का नाम नहीं है। सिद्धू ने गुरुवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात की थी। नई सूची के साथ ही कांग्रेस ने पंजाब की 117 सीटों में से अपने 108 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने सिद्धू को लेकर पूछे गए सवाल टाल दिए।
जालंधर उत्तर की सीट पर तेजिंदर बिट्टू का नाम घोषित किया गया था। उनकी जगह पूर्व विधायक राजकुमार गुप्ता को नए सिरे से टिकट दिया गया। इसी तरह भदौर सीट पर निर्मल सिंह निम्मा ने जोगिंदर सिंह पंजग्रैन का टिकट काटा। सानेवाल से मशहूर पंजाबी गायिका सतविंदर कौर बिट्टी को टिकट दिया गया है। जालंधर पश्चिम सीट से म्युनिसिपैलिटी के पार्षद सुशील कुमार रिंकू को टिकट दिया गया है, जबकि, सुजानपुर से अमित सिंह मंटो और अमृतसर उत्तर से सुनील दत्ती को खड़ा किया गया है।
शाहकोट से हरदेव सिंह लड्डी, गड़शंकर से लव कुमार गोल्डी, रोपड़ से बरिंदर ढिल्लन और जगरांव से गेजा राम को टिकट दिया गया है। नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने का रहस्य बरकरार है। कांग्रेस ने अभी तक अमृतसर पूर्व की सीट से किसी का नाम घोषित नहीं किया है। इस सीट से नवजोत सिद्धू की पत्नी अभी विधायक हैं। सिद्धू के कांग्रेस के टिकट पर यहीं से लड़ने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस ने जालंधर कैंट सीट से भी नाम घोषित नहीं किया है। यहां से मौजूदा विधायक परगट सिंह हैं, जो हाल में शिरोमणि अकाली दल छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
