पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए वोट 20 फरवरी को डालें जायेंगे और पंजाब में राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार जोर-शोर से जारी है। इसी क्रम में पंजाब में आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के लिए रोड शो कर रहे थे। पंजाब के अमृतसर के अटारी में आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान रोड शो कर रहे थे, जहां उनके आंख पास चोट लग गई। हालांकि कुछ देर बाद भगवंत मान ने फिर से रोड शो शुरू कर दिया।

रोड शो के दौरान हमला: एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान पंजाब के अमृतसर में एक रोड शो कर रहे हैं। भगवंत मान अपनी गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकल कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं। रोड शो के दौरान भगवंत मान पर लोग फूल और माले फेंक रहे हैं। इसी दौरान भगवंत मान के आंख के पास कोई चीज अगर लगती है जिसके बाद भगवंत मान अपनी आंख मलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

घटना के वीडियो को देखने के बाद ऐसा प्रतीत होता है कि भगवंत मान की आंख के पास कोई पत्थर या फिर नुकीली चीज लगी थी। हालांकि बाद में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि किसी समर्थक ने उनपर फूल फेंकी जो उनकी आंख के पास आकर लग गई।

कुछ देर बाद फिर से शुरु हुआ रोड शो: जैसे ही भगवंत मान की आंख के पास कोई चीज आकर लगती है, भगवंत मान आंख मलते हुए गाड़ी के अंदर बैठ जाते हैं। वहां पर मौजूद लोग चर्चा शुरू कर देते हैं कि क्या भगवंत मान पर हमला हुआ है? रोड शो होगा या नहीं? भगवंत मान की आंख के पास क्या लगा है? हालांकि 7-8 मिनट बाद भगवंत मान फिर से गाड़ी के सनरूफ के बाहर आकर रोड शो शुरू कर देते हैं।

पंजाब की सभी 117 सीटों पर 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को अपने मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित किया हुआ है। जबकि कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को अपने मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित किया हुआ है।