आम आदमी पार्टी ने पंजाब में मुख्यमंत्री कैंडिडेट की घोषणा कर दी है। भगवंत मान को मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश किया गया है। इसका ऐलान खुद ‘आप’ मुखिया अरविंद केजरीवाल ने किया है। केजरीवाल ने कहा कि पब्लिक वोटिंग के आधार पर पार्टी ने मान को सीएम प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है। पंजाब के 21 लाख से ज्यादा लोगों ने अपना मत दिया था, जिसमें से 93.3 फीसद लोगों ने भगवंत मान के लिए वोट किया है। ऐसे में पंजाब में हमारे सीएम के कैंडिडेट भगवंत मान ही होंगे।
कौन हैं भगवंत मान?: भगवंत मान आम आदमी पार्टी के अकेले लोकसभा सांसद हैं, जो पंजाब के संगरूर से जीतकर संसद पहुंचे हैं। मान ने 2014 का लोकसभा चुनाव जीता था और 2019 में दूसरी बार भी चुनाव जीतकर लोकसभा में पहुंचने में सफल रहे। भगवंत मान को पिछले साल आम आदमी पार्टी ने पंजाब प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया था।
पत्नी से हो चुका है तलाक: भगवंत मान का पत्नी से साल 2015 में ही तलाक हो गया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि राजनीति में आने के बाद मैं अपने परिवार को समय नहीं दे पाता था। इसलिए परिवार में दूरियां बढ़ गई हैं और अब तो बच्चों से भी दूरी हो गई है।
कॉमेडियन के रूप में हासिल की थी पहचान- राजनीति में आने से पहले भगवंत मान कॉमेडी किया करते थे। कॉमेडियन के रूप में उन्होंने अपने एक खास पहचान बनाई थी। कई शो और फिल्मों में काम करने के बाद वे आम आदमी पार्टी के जरिए राजनीति में आए।
कितनी प्रॉपर्टी के मालिक है भगवंत मान?: साल 2019 में लोकसभा चुनाव के वक्त आयोग को दिए अपने विवरण में भगवंत मान ने बताया था कि वह कुल 16,427,271 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इसमें से 3,827,271 रुपये की चल संपत्ति और 1,26,00,000 रुपये की अचल संपत्ति है।
लग्जरी गाड़ियों और गन के मालिक भी: हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक भगवंत मान के पास टोयोटा फॉर्च्यूनर और क्रूज कार है, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन लाख रुपये मूल्य का सोना और 20,000 रूपये की एक गन भी है। मान के पास 75 लाख की कृषि भूमि, 51 लाख कीमत की व्यावसायिक इमारत भी है।
बता दें, भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर जिले में ही हुआ था। संगरूर स्थित एसयूएस कॉलेज में उन्होंने बीकॉम में दाखिला लिया था, हालांकि पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए थे।2019 के हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक तब तक भगवंत मान पर कोई भी क्रिमिनल केस दर्ज नहीं था।