अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में स्थित एक बूथ पर वोटिंग का अनोखा रिकॉर्ड बना है। इस सीट पर 100 फीसदी मतदान हुआ है। आपको जानकर थोड़ी हैरानी होगी लेकिन यह सच है। इस बूथ के लिए मतदान अधिकारी पैदल चलकर 40 किमी पहुंचे थे। दरअसल चीन की सीमा से लगे अंजॉ जिले के मालोगाम में एक महिला रहती है। इसके लिए निर्वाचन अधिकारों ने महिला के घर से पास बूथ बनाया। अधिकारियों को बूथ तक जाने के लिए पैदल ही सफर तय करना पड़ा।
19 अप्रैल को लोकसभा के पहले चरण का मतदान था। पहले चरण में देशभर की कुल 102 सीटों पर मतदान किया गया। अरुणाचल प्रदेश में भी पहले चरण में ही मतदान किया गया। यहां अंजॉ जिले के मालोगाम में 44 साल की एक महिला सोकेला तयांग रहती हैं। इनके लिए चुनाव अधिकारियों ने अलग पोलिंग बूथ बनाया। खास बात यह है कि इस पोलिंग बूथ पर केवल वही मतदाता के रूप में रजिस्टर्ड हैं।
शुक्रवार को वह दोपहर करीब 1 बजे वोट देने के लिए पहुंची। उनके वोट देते ही इस बूथ पर 100 फीसदी मतदान हो गया। इसके बाद चुनाव अधिकारी वहां से चले गए। वोट देने के बाद सोकेला तयांग ने कहा कि ‘मैं अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके खुश हूं और मुझे मतदान करने का अवसर देने के लिए मैं निर्वाचन अधिकारियों को धन्यवाद करती हूं। ’
क्यों बनाया गया अलग पोलिंग बूथ
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक मालोगाम में बहुत कम परिवार रहते हैं और तयांग को छोड़कर बाकी सभी मतदाता अन्य मतदान केंद्रों पर रजिस्टर्ड हैं लेकिन तयांग मतदान करने के लिए दूसरे मतदान केंद्रों पर जाने को तैयार नहीं थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार सैन ने कहा कि संख्या हमेशा मायने नहीं रखती है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि हर नागरिक की आवाज सुनी जाए। यह गांव चीन की सीमा से लगे अंजॉ जिले के हयुलियांग विधानसभा क्षेत्र और अरुणाचल पूर्व लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है।