MP Chunav Election Result 2018, MP Vidhan Sabha Election Chunav Result 2018: मध्य प्रदेश में रात 9 बजे तक के रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होती हुई नजर आ रही है। 9 बजे तक के रुझानों में बीजेपी 109 तो कांग्रेस 114 सीटों पर आगे चल रही थी। वहीं, 7 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त लिए हुए हैं। बुधनी सीट से सीएम शिवराज आगे चल रहे हैं, जबकि कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय इंदौर सीट से तीज चुके हैं।

चुनावी मैदान में इस बार कुल 2907 प्रत्याशी हैं। इनमें बीजेपी के 239, कांग्रेस के 229, बहुजन समाज पार्टी ने 227, आम आदमी पार्टी ने 208 प्रत्याशी शामिल हैं। इनके अलावा कुछ सीटों पर समाजवादी पार्टी भी मैदान में है। इस बार यहां करीब 75 फीसदी मतदान हुआ है।

यहां देखें नतीजे: विधानसभा चुनाव के नतीजों का ताजा अपडेट Jansatta.com के चुनाव 2018 पेज पर देखें। इसके अलावा चुनाव आयोग की वेबसाइट https://eci.nic.in और मध्य प्रदेश चुनाव आयोग की वेबसाइट www.ceomadhyapradesh.nic.in पर भी परिणाम देख सकते हैं।

चुनाव नतीजे 2018 LIVE : राजस्थान | छत्तीसगढ़ | तेलंगाना | मिजोरम

Live Blog

MP Election Result 2018 LIVE UPDATES

20:37 (IST)11 Dec 2018
ईवीएम के मुद्दे पर ये बोले राहुल गांधी

ईवीएम को लेकर राहुल गांधी ने कहा, "जहां तक ईवीएम की बात है, इससे जुड़े कई मसले हैं। अगर लोग ईवीएम से संतुष्ट नहीं है तो यह एक बड़ा मसला है जिसे हल किया जाना जरूरी है।" उन्होंने आगे कहा, "अगर चिप से छेड़छाड़ हुई है तो यह पूरे वोटिंग सिस्टम पर असर डाल सकता है। लेकिन ऐसा मैनुअल वोटिंग में नहीं हो सकता है। यूके और अन्य कई देशों में लोगों को ईवीएम नहीं चाहिए थी।"

20:03 (IST)11 Dec 2018
राहुल गांधी बोले: मुख्यमंत्री का चेहरा बड़ा मुद्दा नहीं

बीजेपी की विचारधारा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, "सपा, बसपा और कांग्रेस की विचारधारा एक है जो बीजेपी से अलग है।" वहीं मुख्यमंत्री पद की दावेरदारी को लेकर उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। इस काम को आराम से पूरा किया जाएगा।

19:53 (IST)11 Dec 2018
राहुल गांधी ने कहा जीत का श्रेय छोटे व्यापारियों और किसानों को जाता है

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रेस वार्ता शुरू हो गई है। उन्होंने तेलंगाना और मिजोरम में जीतने वाली पार्टियों को बधाई दी है। वहीं छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की जीत पर उन्होंने कहा, "यह जीत कांग्रेस के वरकर्स, छोटे व्यापारियों और किसानों की जीत है। कांग्रेस पार्टी के लिए यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और हम इस पर काम करेंगे।"

19:38 (IST)11 Dec 2018
MP Chunav Result 2018 LIVE: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जल्द करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब से थोड़ी ही देर में प्रेस वार्ता करेंगे। सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे अब तय हो चुके हैं। तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत तय है। हालांकि मध्यप्रदेश में अभी किसी को भी बहुमत नहीं मिला है।

19:27 (IST)11 Dec 2018
जबलपुर उत्‍तर सीट पर कांग्रेस की बढ़त

मध्य प्रदेश में जबलपुर उत्‍तर सीट पर कांग्रेस के विनय सक्सेना बढ़त बनाए हुए हैं। उनके पीछे हैं भारतीय जनता पार्टी के शरद जैन। हालांकि दोनों के बीच मार्जिन बहुत कम है। विनय सक्सेना 1154 वोटों से आगे चल रहे हैं।

18:26 (IST)11 Dec 2018
भोजपुर सीट पर सुरेश पचौरी हारे, पटवा जीते

मध्‍य प्रदेश की भोजपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी सुरेंद्र पटवा ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेश पचौरी को पराजित किया है।

17:25 (IST)11 Dec 2018
जानें क्या रहा देवास के मतदाताओं का जनादेश?

मध्य प्रदेश के देवास जिले से भाजपा की गायत्री राजे पंवार ने कांग्रेस के जयसिंह को 25000 मतों से जीतीं। हाटपिपलिया से कांग्रेस के मनोज चौधरी ने मंत्री दीपक जोशी को 10 हजार से अधिक मतों से हराया। सोनकच्छ से कांग्रेस के सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा के राजेंद्र वर्मा को 8000 मतों से हराया। बागली में भाजपा के पहाड़ सिंह ने कांग्रेस के कमल वास्कले को 11000 मतों से हराया है। वहीं खातेगांव से भाजपा के आशीष गोविंद शर्मा ने कांग्रेस के ओम पटले को 6000 मतों से हराया।

15:43 (IST)11 Dec 2018
बोला चुनाव आयोग- मप्र में भाजपा से बहुत आगे निकली कांग्रेस

चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि विपक्षी पार्टी कांग्रेस अब सत्तारूढ़ भाजपा से बहुत आगे निकल गई है। आधिकारिक बयान के मुताबिक,कांग्रेस मध्य प्रदेश में 115 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि भाजपा 105 सीटों पर आगे चल रही है। 10 सीटों में अन्य उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

15:10 (IST)11 Dec 2018
मंत्री रुस्तम सिंह भी पिछड़े

मध्य प्रदेश की मुरैना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी और शिवराज सरकार में मंत्री रहे रुस्तम सिंह की सीट भी संकट में दिख रही है। रुस्तम सिंह वर्तमान में तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।

14:51 (IST)11 Dec 2018
आप के प्रत्याशी की जमानत जब्त

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार उतारे थे। खबर है कि प्रदेश की सिंगरौली सीट पर आम आदमी पार्टी आगे चल रही है। जबकि मंदसौर सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी की जमानत भी जब्त होने की सूचना है।

14:37 (IST)11 Dec 2018
रुझानों में बहुमत का आंकड़ा छूने के करीब पहुंची भाजपा

अगर ताजा रुझानों की बात करें तो मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा 112 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भाजपा को 107 सीटों पर कड़ी टक्कर दे रहा है। अन्य सीटों पर भी 11 उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस से आगे चल रहे हैं।

14:20 (IST)11 Dec 2018
शिवराज के 9 मंत्री और कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष पीछे

भाजपानीत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार के नौ मंत्री और प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह अपने-अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।

13:48 (IST)11 Dec 2018
बीजेपी कांग्रेस समेत मध्य प्रदेश में ये है सभी पार्टियों का हाल

इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के मुताबिक दोपहर 1.45 बजे बहुजन समाज पार्टी मध्य प्रदेश में 4 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी 108 सीटों पर और कांग्रेस बीजेपी पर बढ़त बनाते हुए 112 सीटों पर आगे चल रही है। बहुजन संघर्ष दल, समाजवादी पार्टी और गोंदवाना गणतंत्र पार्टी एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं 3 सीटों पर नर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

13:33 (IST)11 Dec 2018
मध्य प्रदेश में भाजपा को 56 सीटों के नुकसान का अनुमान

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को 109 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। कांग्रेस 110 सीटों पर आगे बढ़ते हुए नजर आ रही है। अन्य उम्मीदवार भी 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। साल 2013 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को 165 सीटों पर जनादेश मिला था। इस नजरिए से अगर देखें तो भाजपा को सीधे—सीधे 56 सीटों का नुकसान हो रहा है।

13:21 (IST)11 Dec 2018
सुरेश पचौरी को पछाड़ आगे निकले पटवा

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी मध्य प्रदेश की भोजपुर विधानसभा सीट से पीछे चल रहे हैं। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र पटवा फिलहाल आगे चल रहे हैं। बता दें कि सुरेंद्र पटवा मध्य प्रदेश के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा के पुत्र हैं।

12:46 (IST)11 Dec 2018
दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह आगे निकले

मध्य प्रदेश के गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के बागी नेता और कांग्रेस के प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह अपने निकट प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे हैं।

12:39 (IST)11 Dec 2018
बोले कमलनाथ- चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करेगी कांग्रेस

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव नतीजों के रुझान में बेहतर नतीजे आने पर जनता को धन्यवाद दिया है। कमलनाथ ने कहा है कि उन्हें कोई शक नहीं है कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाली है।

12:11 (IST)11 Dec 2018
मध्य प्रदेश में फिर आगे निकली कांग्रेस

मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला जारी है। ​लेकिन फिलहाल मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने एक बार फिर से भाजपा को पछाड़ दिया है। भाजपा फिलहाल सिर्फ 102 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस 117 सीटों पर आगे चल रही है। अन्य सीटों पर 12 उम्मीदवार भी आगे चल रहे हैं।

11:39 (IST)11 Dec 2018
मध्य प्रदेश में फिर आगे निकली भाजपा

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। भाजपा ने कांग्रेस को एक बार फिर पीछे छोड़ दिया है। भाजपा इस वक्त 113 सीटों पर आगे निकलती दिखाई दे रही है। जबकि कांग्रेस 107 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि अन्य दल या निर्दलीय 10 सीटों पर आगे चल रहे हैं। फिलहाल बहुमत के जादुई आंकड़े 116 के करीब दोनों मुख्य दलों में से कोई भी पहुंच सकता है।

11:29 (IST)11 Dec 2018
राऊ विधानसभा सीट पर पिछड़े जीतू पटवारी

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी मध्य प्रदेश की राऊ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस वक्त जीतू पटवारी भाजपा की उम्मीदवार मधू वर्मा से पिछड़ते दिख रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जीतू पटवारी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि आप मेरा चेहरा देखकर वोट दीजिए, पार्टी गई तेल लेने।

09:42 (IST)11 Dec 2018
भोपाल उत्तर में ये लिए हैं बढ़त

सूबे में करीब साढ़े नौ बजे तक कांग्रेस बहुमत बनाने की ओर बढ़ती दिखी। रुझानों में कांग्रेस 111 और बीजेपी 104 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, आठ सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बुधनी सीट पर सीएम शिवराज सिंह चौहान आगे चल रहे हैं, जबकि भोपाल उत्तर से आरिफ अकील बढ़त लिए हैं।   

09:33 (IST)11 Dec 2018
इंदौरः पीछे चल रहे कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश

इंदौर से आकाश विजवर्गीय पीछे चल रहे हैं। वह कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं। बुरहानपुर से अर्चना चिटनीस आगे चल रही हैं। शिवपुरी से यशोधरा राजे आगे चल रही हैं।  

09:21 (IST)11 Dec 2018
93 सीटों पर कांग्रेस आगे

मध्य प्रदेश में सुबह नौ बजे तक 86 सीटों पर रुझान आ गए। 230 विधानसभा सीटों में से बीजेपी 86 और कांग्रेस 93 पर, जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बता दें कि इस बार चुनावी मैदान में 2907 प्रत्याशी हैं। वहीं, इंदौर से आकाश विजवर्गीय पीछे चल रहे हैं। वह कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं। 

09:05 (IST)11 Dec 2018
यहां गड़बड़ाई ईवीएम, नहीं शुरू हो सकी काउंटिंग

123 सीटें पर रुझान आ चुके हैं। इनमें 59 पर बीजेपी, 65 पर कांग्रेस और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहा है। वहीं, जबलपुर से बड़ी खबर आ रही है। उत्तर मध्य विधानसभा में ईवीएम खराब हो गई, जिसके कारण वहां वोटों की गिनती नहीं शुरू हो सकी।

08:39 (IST)11 Dec 2018
इतनी सीटों पर आ गए रुझान

मध्य प्रदेश की कुल 230 विधानसभाओं में से अब तक कुल 41 सीटों पर रुझान आ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी इनमें 23 और कांग्रेस 19 सीटें पर आगे चल रही है। वहीं, अन्य अभी अपना खाता खोलने में नाकामयाब रहे हैं। बुधनी सीट से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आगे चल रहे हैं।

08:10 (IST)11 Dec 2018
पिछले चुनाव में ऐसी थी तस्वीर

2013 में हुए विधानसभा चुनाव में 10 साल की एंटी इनकबेंसी के बावजूद भाजपा ने 44.68 फीसदी वोटों के साथ 165 सीटें जीती थीं। वहीं 36.38 फीसदी वोटशेयर के साथ कांग्रेस को 58 सीटों मिली थीं। वहीं चार सीटें बहुजन समाज पार्टी और तीन निर्दलीयों के नाम रही थीं। मध्य प्रदेश में पिछले तीन चुनावों से लगातार भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं राज्य में पिछले 13 सालों से अकेले शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं।

07:55 (IST)11 Dec 2018
15 सालों से सत्ता में BJP

मध्य प्रदेश में 2018 की चुनावी प्रक्रिया समाप्ति की ओर है। मतगणना के कुछ ही घंटों के भीतर यह स्पष्ट हो जाएगा कि इस बार कौन सरकार बनाने में कामयाब रहेगा। 230 विधानसभा सीटों वाले सूबे में 15 सालों से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार है। क्या मामा (शिवराज सिंह चौहान) का जादू एक बार फिर चलेगा? क्या वह सरकार बनाने में कामयाब रहेंगे? इन सारे सवालों के जवाब कुछ ही देर में सामने होंगे।

07:41 (IST)11 Dec 2018
क्या कहते हैं एक्जिट पोल्स?

एग्जिट पोल्स की मानें तो 230 विस सीटों वाले मध्य प्रदेश में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को कड़ी टक्कर देती नजर आएगी। टाइम्स नाऊ-सीएनएक्स के पोल के मुताबिक, बीजेपी को 126 सीटें मिलेंगी, जबकि कांग्रेस के खाते में 89 सीटें आएंगी। एबीपी न्यूज-सीएसडीएस के पोल के अनुसार, बीजेपी को 94 और कांग्रेस को 126 सीटें हासिल होंगी। इंडिया टुडे-एक्सिस के पोल का कहना है कि बीजेपी को 102-120 सीटें, जबकि कांग्रेस को 104 से 122 सीटें मिलेंगी। रिपब्लिक-सी वोटर के सर्वे बताता है कि बीजेपी को 90-106 सीटें मिलेंगी। वहीं कांग्रेस को 110 से 126 सीटें आएंगी।

06:55 (IST)11 Dec 2018
भाजपा-कांग्रेस दोनों कर रहे जीत का दावा

भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां जीत का दावा कर रही है। कांग्रेस जहां सत्ता में वापस लौटने की कवायद में है तो भाजपा हर हाल में सत्ता बचाये रखना चाहती है। मतदान के बाद आए एग्जिट पोल ने 15 साल से प्रदेश में भाजपा एवं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर की संभावना व्यक्त की है। 

06:44 (IST)11 Dec 2018
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना

मध्य प्रदेश विधानसभा की सभी 230 सीटों पर हुए चुनावों के लिये मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके लिये सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। बता दें कि प्रदेश में 28 नवंबर को चुनाव हुए थे।