मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत शनिवार को 84 फीसदी से अधिक मतदान हुआ। राज्य के 1,643 मतदान केंद्रों पर मतदान के समय कानून एवं व्यवस्था की कोई बड़ी समस्या नहीं हुई। पहले चरण के तहत इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, बिष्णुपुर, चूड़ाचंदपुर, कांगपोकपी और फेरेजोल जिलों में मतदान हुए। पहले चरण के तहत 168 उम्मीदवार चुनवी मैदान में हैं, जिसमें छह महिलाएं भी हैं। पहले चरण के मतदान में 5,44,050 पुरुष मतदाता और 5,75,220 महिला मतदाता हैं।
मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान हो रहे हैं। पहले चरण के तहत शनिवार को 38 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोट डाले गए। शेष सीटों के लिए मतदान आठ मार्च को होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी 38 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 37 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं। इस चुनाव को राज्य में ओकराम इबोबी सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। यहां कांग्रेस सरकार पिछले 15 वर्षो से सत्ता में बनी हुई है।
मणिपुर विधानससभा चुनाव की लाइव अपडेट यहां पढ़ें
Live Updates
मणिपुर में पहले चरण के तहत 38 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। पहले चरण के तहत छह जिलों की सीटों पर डाले गए वोट।
मणिपुर में दोपहर एक बजे तक 69 प्रतिशत मतदान हुआ।
इरोम शर्मिला की पार्टी के उम्मीदवार एरेंद्रों पर अज्ञात लोगों ने हमला किया है। शर्मिला की पार्टी प्रजा पहली बार चुनावी मैदान में उतरी है।
मणिपुर में 11 बजे तक 43 प्रतिशत मतदान हुआ।
मणिपुर में 9 बजे तक 21 प्रतिशत मतदान हुआ।
इरोम शर्मिला बूथ नंबर 3/39 पर वोट डालने पहुंची। इरोम ने कहा कि उन्हें अपनी जीत का भरोसा है।
चुनाव की सुरक्षा के लिए 280 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र पुलिस की कंपनियों को तैनात किया गया है।
मणिपुर चुनाव पैनल ने बीजेपी के एक नेता और एक अखबार के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह मामला एक विज्ञापन से जुड़ा है।
मणिपुर की वोटिंग शुरू होने के बाद पीएम मोदी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की।
मणिपुर में चुनाव के बीच भूंकप भी आया। वहां सुबह पांच बजे के करीब 3.5 रिक्टर का भूकंप आया।