Election 2019 Updates: चुनाव आयोग ने सोमवार को बंबई उच्च न्यायालय से कहा कि वह सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उसके द्वारा पूर्व में सत्यापित कराये बिना दिये जाने वाले राजनीतिक विज्ञापनों पर रोक के लिए निर्देश जारी करेगा। चुनाव आयोग ने अपने वकील प्रदीप राजागोपाल के माध्यम से उच्च न्यायालय को सूचित किया कि आयोग और सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के अधिकारियों के मध्य मंगलवार को बातचीत प्रस्तावित हैं। इसके बाद, राजनीतिक विज्ञापनों और ‘‘राष्ट्रीय हित’’ से संबंधित अन्य विज्ञापनों पर विभिन्न प्रतिबंधों को अंतिम रूप देकर लागू किया जायेगा।

राजागोपाल ने मुख्य न्यायाधीश नरेश पाटिल और न्यायमूर्ति एन एम जमदार की पीठ के समक्ष यह बात कही। पीठ वकील सागर सूर्यवंशी के द्वारा दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें उच्च न्यायालय से अनुरोध किया गया है कि चुनाव आयोग सोशल मीडिया पर भुगतान आधारित राजनीतिक विज्ञापनों के रूप में फर्जी खबर के विनियमन के लिए चुनाव आयोग को दिशा निर्देश दिये जाएं।

 

Live Blog

18:38 (IST)18 Mar 2019
सोशल मीडिया पर असत्यापित राजनीतिक विज्ञापनों पर कसी जाएगी लगाम: चुनाव आयोग

चुनाव आयोग ने सोमवार को बंबई उच्च न्यायालय से कहा कि वह सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उसके द्वारा पूर्व में सत्यापित कराये बिना दिये जाने वाले राजनीतिक विज्ञापनों पर रोक के लिए निर्देश जारी करेगा। चुनाव आयोग ने अपने वकील प्रदीप राजागोपाल के माध्यम से उच्च न्यायालय को सूचित किया कि आयोग और सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के अधिकारियों के मध्य मंगलवार को बातचीत प्रस्तावित हैं। इसके बाद, राजनीतिक विज्ञापनों और ‘‘राष्ट्रीय हित’’ से संबंधित अन्य विज्ञापनों पर विभिन्न प्रतिबंधों को अंतिम रूप देकर लागू किया जायेगा।

18:32 (IST)18 Mar 2019
प्रियंका ने की प्रयागराज में पूजा

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी की प्रभारी प्रियंका ने सोमवार को प्रयागराज में लेटे हुए हनुमान मंदिर में पूजा—अर्चना करके अपने लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की। अपनी इस यात्रा के दौरान वह नाव पर सवार होकर प्रयागराज से वाराणसी के बीच करीब 100 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। प्रियंका आज भदोही में रात्रि विश्राम करेंगी। कल सुबह फिर वह अपनी यात्रा पर निकलेंगी।

17:38 (IST)18 Mar 2019
प्रियंका के दौरे पर भाजपा का तंज- चुनाव गांधी परिवार के लिये ''पिकनिक''

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपनी खोयी जमीन की तलाश में गंगा यात्रा के लिये निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि गांधी परिवार के लिये हर चुनाव ''पिकनिक'' की तरह है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने  प्रियंका द्वारा नौका के जरिये गंगा की 100 किलोमीटर की यात्रा शुरू किये जाने का जिक्र करते हुए कहा, ''गांधी परिवार के लिये तो हर चुनाव पिकनिक की तरह है। उसके सदस्य यहां आते हैं और भाषण देकर चले जाते हैं। चुनाव खत्म होने के बाद वे स्विट्जरलैंड या इटली रवाना हो जाते हैं।''

15:54 (IST)18 Mar 2019
केपीसीसी ने राहुल को कर्नाटक से चुनाव लड़ने के लिए आधिकारिक तौर पर किया आमंत्रित

कर्नाटक कांग्रेस ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिख उन्हें राज्य से लोकसभा चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया। कलबुर्गी की रैली से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव ने राहुल को पत्र लिखकर कहा कि उनके कर्नाटक से मैदान में उतरने से दक्षिण भारत में पार्टी का दर्जा बढ़ेगा। राव ने कहा, ‘‘ आपको आगामी लोकसभा चुनाव में कर्नाटक से चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित कर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति को गर्व है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ परेशानी के समय में हमारा राज्य हमेशा कांग्रेस के साथ खड़ा रहा है। भारत में मौजूदा स्थिति यह है कि आगामी चुनाव में हमारी पार्टी मजबूत बनकर उभरेगी।’’ राव ने कहा कि सत्तारूढ़ ‘‘ राजग अपनी चमक खो रही है और दक्षिण में हमारा गठबंधन मजबूत है।’’

15:22 (IST)18 Mar 2019
द्रमुक ने 12 नए चेहरे को उतारा मैदान में

द्रमुक ने इस बार के चुनाव में कुल 12 नये चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। राज्य में 39 लोकसभा सीटों में से द्रमुक 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और शेष सीटें उसने कांग्रेस सहित अपनी सहयोगी पार्टियों के लिये छोड़ी हैं। स्टालिन ने बताया कि द्रमुक का घोषणा पत्र जल्द जारी किया जायेगा। द्रमुक ने राज्य में 18 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिये भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 18 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ ही होगा।

15:20 (IST)18 Mar 2019
तमिलनाडु में आठ लोकसभा सीटों पर आमने-सामने होंगी अन्नाद्रमुक, द्रमुक

आगामी लोकसभा चुनावों में तमिलनाडु में धुर-विरोधी अन्नाद्रमुक एवं विपक्षी द्रमुक आठ सीटों पर एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों दलों के बीच दक्षिण चेन्नई, कांचीपुरम (अनुसूचित जाति के लिये सुरक्षित), तिरुवनंतपुरम, तिरुनेलवेली, मयीलादुतुरै, सलेम, नीलगिरि (अनुसूचित जाति के लिये सुरक्षित) और पोल्लाची सीट पर सीधी लड़ाई होगी। अन्नाद्रमुक एवं द्रमुक दोनों पार्टियां राज्य में 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं और शेष 19 सीटें उन्होंने अपनी-अपनी सहयोगी पार्टियों को दिया है।

14:27 (IST)18 Mar 2019
कर्नाटक: चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का दो मिनट का मौन

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को सम्मान देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी नेताओं ने कालबुर्गी में पार्टी की सार्वजनिक रैली में दो मिनट का मौन रखा। भाजपा के दिग्गज नेता पर्रिकर को रविवार को निधन हो गया।

13:20 (IST)18 Mar 2019
लोकसभा चुनाव 2019: असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद से दाखिल किया नामांकन पत्र

ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार (18 मार्च, 2019) को हैदराबाद संसदीय क्षेत्र से अपना नामंकन पत्र दाखिल किया है। ओवैसी लगातार तीन बार से हैदराबाद के सांसद है। उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी भी विधायक हैं।

11:58 (IST)18 Mar 2019
तमिलनाडु और पुडुचेरी की सभी चालीस सीटें जीतेंगे: MDMK चीफ

MDMK महासिचव वाइको ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव में डीएमके के नेतृत्व वाले सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस तमिलनाडु और पुदुचेरी की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

11:06 (IST)18 Mar 2019
केंद्रीय मंत्री का कांग्रेस पर निशाना

केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद महेश शर्मा यूपी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी पर खूब निशाना साधा। उन्होंने अपने भाषण में राहुल गांधी को पप्पू और प्रियंका गांधी को पप्पी तक कह डाला। गौतम बुद्ध नगर से भाजपा सांसद का यह वीडियो सोशल मीडिया में भी खूब वायरल हो रहा है।

09:57 (IST)18 Mar 2019
सुमित्रा महाजन का दावा, चंद नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के अलावा सरकार ने नहीं किया कोई काम

आसन्न लोकसभा चुनावों में इंदौर से कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए सुमित्रा महाजन ने कहा, "महाजन ने गुजरे पांच सालों में इंदौर रेलवे स्टेशन पर चंद नयी ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने और सरकारी चिट्ठियां लिखने के अलावा क्षेत्र के लोगों के लिये कुछ भी नहीं किया है।" महाजन को लेकर कांग्रेस के आरोपों को भाजपा ने अपने धुर विरोधी दल की "हताशा" करार देते हुए खारिज किया है।

09:47 (IST)18 Mar 2019
इंदौर क्षेत्र में निरंतर अजेय रही हैं सुमित्रा महाजन

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन गुजरे 30 सालों के दौरान हुए आठ संसदीय चुनावों में मध्य प्रदेश के इंदौर क्षेत्र में निरंतर अजेय रही हैं लेकिन "ताई" के नाम से मशहूर इस 75 वर्षीय भाजपा नेता की चुनावी दावेदारी को इस बार विपक्षी कांग्रेस के साथ अपनी ही पार्टी के एक स्थानीय धड़े से भी खुली चुनौती मिल रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने रविवार (17 मार्च) को कहा, "इंदौर के प्रगतिशील मतदाताओं को लोकसभा में नये नुमाइंदे की दरकार है, क्योंकि बतौर क्षेत्रीय सांसद महाजन अपनी भूमिका निभाने में घोर असफल रही हैं। उन्हें वक्त की नजाकत समझते हुए चुनावी सियासत से जल्द से जल्द संन्यास ले लेना चाहिये।"