Lok Sabha Election 2019 के लिए महाराष्ट्र के वर्धा में रैली करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर महात्मा गांधी का मजाक उड़ाने का आरोप लगा है। वर्धा स्थित सेवाग्राम आश्रम न्यास की तरफ से एक बयान सामने आया है जिसमें गांधी और मोदी को दो अलग-अलग ध्रुव बताया गया। दरअसल न्यास का कहना है कि वर्धा आए पीएम मोदी सेवाग्राम नहीं पहुंचे, ऐसा करके उन्होंने महात्मा गांधी का मजाक उड़ाया है। उल्लेखनीय है कि 1936 में महात्मा गांधी ने वर्धा के बाहरी इलाके में सेगांव नामक एक ग्राम में इस सेवाग्राम की स्थापना की थी।

National Hindi News, 1 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

‘वो गांधी से बड़े हो गए, गांधी की जरूरत नहीं!’: सेवाग्राम आश्रम प्रतिष्ठान के न्यासी अविनाश काकड़े ने कहा, ‘लगभग एक दशक तक सेवाग्राम राष्ट्रपिता का आवास स्थल रहा है। सोमवार (1 अप्रैल) को विदर्भ में इस शहर में आए मोदी ने अपना कार्यक्रम एक चुनावी रैली संबोधित करने तक ही सीमित रखा। हो सकता है, पिछले पांच सालों में उन्होंने (मोदी) यह सोचना शुरू कर दिया हो कि वो गांधी से बड़े हो गए हैं और गांधी की जरूरत ही नहीं है।’

 

‘गांधी अहिंसा में भरोसा करते थे, मोदी हिंसा में’: उन्होंने कहा, ‘गांधी और मोदी अपने विचारों और कृत्य में अलग-अलग ध्रुव हैं, मोदी के शासनकाल में झूठ देश में सर्वोपरि हो गया है और उनका सेवाग्राम नहीं आना गांधी की सत्य की वकालत का मजाक उड़ाने जैसा है। गांधी सत्य में विश्वास करते थे जबकि मोदी सत्ता हथियाने के लिए झूठ बोलने और झूठ का इस्तेमाल करने में यकीन करते हैं। गांधी अहिंसा के पैरोकार थे जबकि मोदी हिंसा में विश्वास करते हैं।’