Lok Sabha Election 2019 से पहले भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने बड़ा ऐलान कर दिया है। गुरुवार (21 मार्च) को होली खेलने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्हें मोदी सरकार में पहले मंत्री भी बनाया गया था लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इससे पहले खबर आई थी कि 75 वर्ष से अधिक उम्र के नेताओं को बीजेपी ने अपने चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने पर खुद ही फैसला करने को कहा है।
चुनाव लड़ने पर ये बोले कलराजः देवरिया से बीजेपी सांसद कलराज मिश्र ने गुरुवार को यह बड़ा ऐलान करते हुए कहा, ‘मैं इस बार चुनाव नहीं लड़ूंगा। मुझे पार्टी ने और भी कई बड़ी जिम्मेदारियां दे रखी हैं। मैं उन्हें पूरा करने में अपना समय देना चाहता हूं।’ 77 वर्षीय मिश्रा के इस फैसले के बाद अब निगाहें बीजेपी के अन्य दिग्गजों लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, शांता कुमार जैसे अन्य दिग्गजों पर टिक गई हैं।
National Hindi News Today Live: CRPF के जवान ने की 3 साथियों की हत्या, फिर खुद को भी मार ली गोली
ऐसा रहा है मिश्रा का करियरः 1955 में संघ से जुड़े मिश्रा आठ साल बाद ही संघ के पूर्णकालिक प्रचारक बन गए थे। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के पहले निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। 1978, 2001 और 2006 में वे राज्यसभा सांसद भी बने। पार्टी और सरकार में प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े पदों पर रहे मिश्रा को संगठन निर्माण में माहिर माना जाता है। 2012 में उन्होंने पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा था, इसके बाद 2014 में वे लोकसभा चुनाव लड़कर सांसद बने। मोदी सरकार में उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी। बाद में यह जिम्मेदारी गिरिराज सिंह को सौंपी गई।
