मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शादी की सालगिरह की शुभकामना देने वालों की फेहरिस्त काफी लंबी है। लेकिन, इस दौरान भोपाल से उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का उनके आवास पर पहुंचकर बधाई देने की चर्चा चारो तरफ है। आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में चुनाव आयोग के द्वारा 72 घंटे के बैन के बाद प्रज्ञा ठाकुर शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह को शादी की सालगिरह की बधाई देनें पहुंची। प्रज्ञा ने दोनों लोगों को फूलों का गुच्छा देकर उन्हें बधाई दी।
भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के लगातार 3 बार मुख्यमंत्री रहे हैं। पिछले साल हुए विधनसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के हाथों शिकस्त खा गई। हालांकि, लोकसभा चुनाव की इस गहमा-गहमी के बीच शिवराज सिंह अपनी शादी का 27वां साल गिरह मना रहे हैं। साध्वी प्रज्ञा का उनके घर पहुंचने पर हर तरफ चर्चा का विषय भी रहा। खुद प्रज्ञा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए भी शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह से मुलकाता के दौरान की तस्वीर साझा की गई।
आज मैंने श्रीमती साधना सिंह जी एवं श्री शिवराज सिंह चौहान जी को वैवाहिक वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दीं।आपका प्रेरणादायी दाम्पत्य जीवन शुभाशुभ हो।@ChouhanShivraj pic.twitter.com/MG6qV4ozSp
— Sadhvi Pragya Singh Thakur (@sadhvipragyag) May 5, 2019
आचार संहिता उल्लंघन के चलते लगे बैन के खत्म होते ही प्रज्ञा ठाकुर शिवराज सिंह चौहान के घर पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह अपने घर आई हैं। उन्होंने शिवराज को अपना गरुभाई बताया और कहा कि वह दोनों लोगों को शुभकामनाएं देने पहुंची हैं।