हरियाणा में लोकसभा की सभी दस सीटों के लिए छठे चरण में 25 मई को वोट डाले जाएंगे। इन सीटों में कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट भी शामिल है, जहां से बीजेपी ने नवीन जिंदल को चुनाव मैदान में उतारा है। मशहूर उद्योगपति नवीन जिंदल पहले भी कुरुक्षेत्र के सांसद रह चुके हैं, फर्क इतना है कि इस बार उन्होंने बीजेपी के प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया है और पहले वो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे।

नवीन जिंदल द्वारा नामांकन पत्र में यह जानकारी दी गई कि उनके और उनकी पत्नी शालू के पास करीब एक हजार करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। नामांकन पत्र के अनुसार, नवीन जिंदल व उनकी पत्नी के पास एक भी वाहन नहीं है।

नवीन जिंदल की पत्नी के पास कितनी संपत्ति?

कुरुक्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी नवीन जिंदल द्वारा चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के अनुसार, उनके पास करीब 886 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी शालू करीब 114 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति की मालकिन हैं।

बात अगर चल संपत्ति की करें तो नवीन जिंदल के पास 11 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास 6.94 करोड़ रुपये कर्जा है। उन्होंने FY2022-23 में अपनी कुल आय 74.83 करोड़ रुपये घोषित की है। इसके अलावा नवीन जिंदल द्वारा जानकारी दी गई कि उनके और पत्नी शालू के पास 40 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत का सोना और अन्य आभूषण हैं।

टेक्सास यूनिवर्सिटी से की है पढ़ाई

नवीन जिंदल ने अमेरिका के डलास की टेक्सास यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई है। गुरुवार को जब वह नामांकन करने के लिए पहुंचे तो उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद थे। नामांकन पत्र में नवीन जिंदल ने घोषणा की कि उनके ऊपर एक भी आपराधिक मामला नहीं है।

कुरुक्षेत्र में नवीन जिंदल का किस – किस से मुकाबला

कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए नवीन जिंदल मनमोहन सिंह सरकार के समय 2004 से 2014 तक कुरुक्षेत्र के सांसद थे। हालांकि मोदी लहर में वह कुरुक्षेत्र से चुनाव हार गए और फिर उन्होंने सियासत से दूरी बना ली। इस बार कुरुक्षेत्र में नवीन जिंदल का मुकाबला इंडियन नेशनल लोकदल के अभय सिंह चौटाला और आम आदमी पार्टी (कांग्रेस से गठबंधन) के सुशील गुप्ता से है।