पांच राज्यों में वोटों की गिनती जारी है और कांग्रेस पार्टी पांचों राज्यों में हार रही है। पंजाब में कांग्रेस को काफी उम्मीद थी, लेकिन पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की लहर में कांग्रेस साफ हो गयी। उत्तराखंड में भी कांग्रेस बहुमत के करीब नहीं पहुंचती हुई दिखाई दे रही है। वहीं मणिपुर में भी कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से काफी दूर नजर आ रही है। चुनाव के नतीजों से साफ है कि प्रियंका गांधी ,चरणजीत सिंह चन्नी और हरीश रावत तीनों दिग्गज नेता फेल हो गये।

पंजाब में कांग्रेस साफ

पंजाब में सत्ताधारी कांग्रेस महज 17 सीटों पर सिमटती हुई नजर आ रही है। नतीजों से साफ है कि पंजाब में कांग्रेस का दलित दांव काम नहीं आया और जनता ने कांग्रेस को सिरे से नकार दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दो सीटों से चुनाव लड़ रहे थे और दोनों सीटों से चुनाव हार गए। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी अपनी सीट नही बचा पाए और चुनाव हार गये। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी अमृतसर ईस्ट से चुनाव हार गये।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को महज 1 सीट

दोपहर 3 बजे तक के रुझानों के अनुसार यूपी में कांग्रेस को महज 1 सीट मिलती हुई दिखाई दे रही है। रामपुर ख़ास से आराधना मिश्र मोना लगातार बढ़त बनाये हुए है ,जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तम्कुम्ही राज विधानसभा सीट से नंबर 3 पर चल रहें हैं। कांग्रेस का वोट शेयर भी यूपी में 3 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 7 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

उत्तराखंड में भी कांग्रेस बहुमत से दूर

कांग्रेस को उत्तराखंड में काफी उम्मीदें थीं लेकिन उत्तराखंड में भी कांग्रेस बहुमत से काफी दूर नजर आ रही है। कांग्रेस उत्तराखंड में 19 सीटों पर आगे चल रही है जबकि बहुमत के लिए 36 सीटें चाहिये। उत्तराखंड में कांग्रेस के संभावित सीएम उम्मीदवार हरीश रावत खुद अपनी सीट नही बचा सकें और बड़े अंतर से चुनाव हार गयें।

मणिपुर में कांग्रेस की उम्मीदें धराशायी

मणिपुर में कांग्रेस जीत का दावा कर रही थी लेकिन मणिपुर में भी कांग्रेस की हार हो रही है। मणिपुर में कांग्रेस ने वाम दलों के साथ गठबंधन किया था लेकिन ये गठबंधन भी कुछ कमाल न दिखा सका। मणिपुर में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नही छू पाई। दोपहर 3 बजे तक के रुझानों के अनुसार मणिपुर में कांग्रेस 6 सीट पर आगे चल रही है।

गोवा में कांग्रेस बहुमत से दूर

गोवा में भी कांग्रेस ने जीत का दावा किया था और पार्टी ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन भी किया था, लेकिन ये गठबंधन कुछ कमल ना दिखा सका। दोपहर तीन बजे तक कांग्रेस महज 12 सीटों पर आगे चल रही है। गोवा में सरकार बनाने को लेकर कांग्रेस ने काफी तैयारियां भी की थी।विधायकों की खरीद फरोख्त ना हो सके,इसके लिए कांग्रेस ने अपने विधयाकों को रिजॉर्ट में भेजने की तैयारी भी की थी।