बिहार विधानसभा चुनावों में परचम लहराने वाली बीजेपी ने देश के अन्य 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भी शानदार प्रदर्शन किया है। खासतौर पर मध्य प्रदेश में सरकार बचाने के लिए लिहाज से जरूरी माने जा रहे 28 सीटों के उपचुनाव में बीजेपी ने 19 पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 9 सीटों पर ही विजय हासिल हुई है। इसके अलावा गुजरात की सभी 8 सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल करते हुए कांग्रेस का सफाया कर दिया है। हालांकि छत्तीसगढ़ की एक सीट पर हुए चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली है।

योगी सरकार के कामकाज के लिए परीक्षा माने जा रहे 7 सीटों के उपचुनाव में बीजेपी ने 6 पर जीत दर्ज की है। एसपी को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली है। हालांकि हरियाणा के सोनीपत की बरोदा सीट पर बीजेपी कैंडिडेट और पहलवान योगेश्वर दत्त को दूसरी बार मात झेलनी पड़ी है। झारखंड में दो सीटों के उपचुनाव में एक कांग्रेस और एक झामुमो के खाते में गई है।

बीजेपी का दक्षिण दुर्ग कहे जाने वाले कर्नाटक में पार्टी को दोनों ही सीटों पर जीत मिली है। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी बीजेपी ने 5 में से 4 सीटों पर विजय हासिल की है, जबकि एक पर निर्दलीय उम्मीद को विजय हासिल हुई है। नागालैंड की दो सीटों में से एक पर निर्दलीय कैंडिडेट की जीत हुई है, जबकि एक पर एनडीपीए उम्मीदवार जीता है। ओडिशा में दो सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी दल बीजेडी को जीत मिली है। हालांकि बीजेपी ने यहां 35 पर्सेंट वोट हासिल कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। तेलंगाना में एकमात्र सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी कैंडिडेट को सफलता मिली है।

किन राज्यों में हुए हैं  उपचुनाव- 

मध्य प्रदेश       28 सीटें
उत्तर प्रदेश      07 सीटें
छत्तीसगढ़        01 सीट
हरियाणा          01 सीट
झारखंड           02 सीटें
गुजरात            08 सीटें
कर्नाटक          02 सीटें
नगालैंड           02 सीटें
ओडिशा           02 सीटें
तेलंगाना           01 सीट