Lok Sabha Election 2019 के साथ-साथ कई राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इनमें आंध्र प्रदेश के लिए 51, ओडिशा के लिए 22 और मेघालय उपचुनाव के लिए एक नाम का ऐलान किया है। आंध्र प्रदेश में 11 अप्रैल और ओडिशा में 11 से 29 अप्रैल तक मतदान होगा।

आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावः 2014 में तेलंगाना के अलग होने के बाद अब आंध्र प्रदेश में 175 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। यहां लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के मतदान के साथ-साथ 11 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए भी मतदान होगा। फिलहाल राज्य में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) की सरकार है। राज्य में टीडीपी के 103 विधायक हैं। वहीं मुख्य विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पास 63 विधायक हैं। राज्य में सरकार बनाने के लिए कम से कम 88 सीटों की जरुरत होती है। दोनों मुख्य दलों के साथ-साथ यहां बीजेपी, कांग्रेस, जेएसपी, बीएसपी, सीपीआई और सीपीएम भी चुनाव लड़ती हैं।

 

ओडिशा विधानसभा चुनावः ओडिशा में चार चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। इसी के साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी मतदान होगा। यहां मतदान की तारीखें 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं नतीजे 23 मई को घोषित होंगे। ओडिशा में कुल 147 विधानसभा सीटें हैं और यहां सरकार बनाने के लिए कम से कम 74 सीटों की जरुरत है। राज्य में फिलहाल मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल (बीजेडी) की सरकार है। यहां बीजेडी के पास 117, कांग्रेस के पास 16 और बीजेपी के पास 10 सीटें हैं। आगामी चुनाव में बीजेपी यहां कड़ी टक्कर दे सकती है।

 

मेघालय उपचुनावः मेघालय में सेलसेला विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। 60 सीटों वाले इस राज्य में फिलहाल कॉनरॉड संगमा के नेतृत्व में एनईडीए (नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस) की सरकार है। इस गठबंधन में एनपीपी, बीजेपी समेत कई अन्य पार्टियां शामिल हैं।