आइपीएल में कथित सट्टेबाजी की बातचीत को लेकर दो आॅडियो वायरल हुए हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के एक विधायक का नाम लेकर सटोरियों से एक लाख रुपए की मांग की गई है। आॅडियो में सटोरिया कहता है कि पिछली सरकार में 60 हजार रुपए देता था। इसमें यह भी कहा गया है कि ‘सिस्टम’ लगाने में 15-20 दिन लगेंगे। इसमें प्रभावशाली व्यक्ति और पुलिस को अलग-अलग रुपए देने की बात कही गई है। इस बारे में सत्तारूढ़ दल के विधायक ने कहा कि यह उसे बदनाम करने की साजिश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  आॅडियो से ऐसा लगता है कि सटोरिया और कोई व्यक्ति आपस में बातचीत कर रहे हैं। आॅडियो में सटोरिया से रुपए मांगने वाला व्यक्ति उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के एक विधायक के नाम का उल्लेख करता है। वाट्सएप पर वायरल आॅडियो के सामने आते ही सत्तारूढ़ दल के इस विधायक ने कहा कि वह आॅडियो में नाम लिए गए किसी शख्स को नहीं जानते हैं। यह आॅडियो उन्हें बदनाम करने साजिश है। दूसरे आॅडियो में कथित सट्टे को लेकर बातचीत है।

इसमें कोड शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। आॅडियो में कहा गया है ‘सेशन क्या आया है, लाइन क्या बोल रही है, आज फेवरिट कौन है, लंबी पारी क्या चल रही, मैंने चवन्नी खा ली है, पंटर से मिल लियो, पचास पैसा पलट दियो।’ पढ़ने में ये सिर्फ कुछ बेमतलब के शब्द लगेंगे, लेकिन कुछ लोगों के अनुसार इनके बोलने मात्र से ही लाखों-करोड़ों रुपए का लेन-देन होता है। आइपीएल का सट्टा बाजार इन्हीं शब्दों पर चलता है। औरैया के एसपी राम किशोर ने दोनों आॅडियो की जांच करने और कार्रवाई करने की बात कही है। पहले आॅडियो में बातचीत के अंश इस तरह हैं : –
आवाज एक : हैलो, हम…..बोल रहे। जा बताओ काम होगा या नहीं।
सटोरिया : काम हमारे बस के बाहर है। तुम्हारी मांग ही इतनी है।
आवाज एक : जा समझ लियो की जिले में काम ही नहीं होगा। न औरैया न बिधूना और न ही दिबियापुर में। जो आइपीएल को सट्टा लगा रहो, जौ कहां लग रहौ, तुम ही तो खिलवा रहे हो।
सटोरिया : अरे हमे जै तो कष्ट होता है, …….., जै तो हमे दिक्कत होत है।
आवाज एक :-हमे तुम्हारे आदमी बता रहे है कि पिछली सरकार में कितना रुपया जाता था। राजी हो तो बताओ, नहीं तो हम जिले में होने नहीं देंगे। ..न बनाओ एक तो तुम विधायक का नाम बदनाम कर रहे हो। इत्ते सीधे आदमी हैं वह।
आवाज एक : अरे न हमारे पास (एक व्यक्ति) को फोन आओ थो। …भइया कह रहे थे कि वह जेल भिजवा देंगे। सीधे समझ लो, विधायक जी सीधे के लिए सीधे हैं और ..के लिए ..हैं।
आवाज एक : तुम बैठकर बात कर लो। तुम पकड़े जाओगे तो हमारी जिम्मेदारी है कि तुम छूट के घर आओगे।
सटोरिया : वह कह रहे हैं कि हमे अलग देना पड़ेगा और पुलिस को अलग।
आवाज एक : तुम सपा सरकार में क्या 60 हजार नहीं देते थे। ..हमारी मांग पूरी कर दो, हमारी…….बात हो गई है। उन्होंने कहा था कि 15-20 दिन सिस्टम लगाने में लगेगा।
सटोरिया : ……………ने चार दिन पहले बताया था कि तीन लाख कमाए हैं। उनके पीछे कोई नहीं पड़ा है।
आवाज एक : ……………का सिस्टम लग गया है। जल्द ही इटावा जेल में वह होंगे। इसके बाद तुम्हारा नंबर लगेगा। दिबियापुर में हमारे हिसाब से चलोगे तो पूरा प्रशासन तुम्हें छू नहीं पाएगा।
दूसरे आॅडियो में कथित कट्टेबाजी को लेकर बातचीत जारी है। इसमें सटोरिया की किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत हो रही है। इसमें कोई व्यक्ति सट्टेबाज को धमका रहा है।
आवाज दो : ……….बोल रहे हो, ………..बोल रहा हूं, बंद नहीं करोगे यह काम।
सटोरिया : चालू कहां है भाई साहब।
आवाज दो : बंद नहीं करोगे तो बीस पटा मारे जाएंगे।
सटोरिया : भइया बीस नहीं चालीस मरवा देना।
आवाज दो : आज ही लड़का नंबर लिखता हुआ पकड़ा गया है। तुम लिखवा नहीं रहे हो।
सटोरिया : भइया जो चलवा रहा हो उस पर चरस लगवा दो।
आवाज दो : हम कह रहे, तुम्हारा घर खोदवा देंगे।
सटोरिया : भइया खामखा बात कर रहे हो, हम नहीं चलवा रहे हैं।
आवाज दो : तुमने खुद कुछ जगह कहा है कि विधायक जी से एक लाख 40 हजार रुपए में बात हो गई है।
सटोरिया : इस सरकार में हमें काम ही नहीं करना है, चाहे कोई फ्री करवाए।