UPSC: देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करने में सालों की मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। इस दौरान असफलताओं से निराश होकर कई उम्मीदवार बीच में ही हार मान लेते हैं लेकिन कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जो कामयाबी हासिल करने तक डटे रहते हैं। आज हम आपको कृष्ण कुमार सिंह की ऐसी ही एक कहानी बताएंगे जिन्होंने अपने पांचवें प्रयास में इस परीक्षा में टॉप किया है।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले कृष्ण कुमार सिंह ने ज़्यादातर समय दिल्ली में ही बिताया है। पढ़ाई लिखाई की बात करें तो कृष्ण कुमार ने गाजियाबाद के एक स्कूल से कक्षा 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से बीटेक की डिग्री हासिल की है। ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी।
इस राह में कृष्ण कुमार को कई असफलताओं का सामना भी करना पड़ा था। इससे निराश होकर कृष्ण कुमार ने एक दूसरी राह पकड़ ली और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के पद पर नौकरी शुरू कर दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद उनके मन में दोबारा सिविल सेवा परीक्षा देने का ख्याल आया। फिर नई उम्मीद और बेहतर रणनीति के साथ उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। आखिरकार, साल 2020 की सिविल सेवा परीक्षा के पांचवें प्रयास में कृष्ण कुमार ने न केवल यह कठिन परीक्षा पास की बल्कि 24वीं रैंक प्राप्त कर टॉपर्स की सूची में भी अपना नाम दर्ज करा लिया था। इस कामयाबी से उनका आईएएस बनने का सपना पूरा हुआ और साथ ही उन्होंने घर वालों का भी नाम रोशन किया।
कृष्ण कुमार के अनुसार सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन की तैयारी के लिए आंसर राइटिंग प्रैक्टिस के साथ ही टाइम मैनेजमेंट पर भी काफी ध्यान देना चाहिए। इस एग्जाम को क्रैक करने के लिए आपको सकारात्मक सोच और धैर्य के साथ काम करना पड़ेगा। इस दौरान नकारात्मक विचारों और असफलता के डर से बचने की कोशिश करनी चाहिए।