नीट पीजी परीक्षा का आयोजन 11 अगस्त को होना है और उससे पहले इस पेपर की सुरक्षा में सेंध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, नीट पीजी से जुड़ा एक गोपनीय लेटर सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। इस लेटर में पेपर से जुड़ी कुछ गोपनीय जानकारी दी गई है। इस लेटर में एग्जाम की शिफ्ट और परीक्षा में उपस्थित होने वाले छात्रों की संख्या के बारे में जानकारी है। इस लेटर के वायरल होने से पेपर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

NEET PG एग्जाम सिटी स्लिप को लेकर स्टूडेंट्स नाराज, 1 लाख रुपए तक का मिल रहा होटल

किसने शेयर किया यह लेटर?

ट्विटर पर ALL FMGs ASSOCIATION(AFA) नाम के ट्विटर हैंडल से एक लेटर पोस्ट किया गया है। लेटर के साथ कैप्शन में लिखा है, “ऐसा प्रतीत होता है कि NBEMS का एक गोपनीय पत्र सार्वजनिक रूप से लीक हो गया है, जिसमें परीक्षा की शिफ्ट और परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या के बारे में जानकारी है। अगर एक गोपनीय लेटर ऐसे लीक हो सकता है तो क्या हम NEET PG पेपर की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त हैं?”

क्या जानकारी है लेटर में?

सोशल मीडिया पर लीक हुए लेटर में NBEMS के अध्यक्ष डॉ. अभिजीत सेन के हस्ताक्षर हैं, जो नीट पीजी परीक्षा केंद्रों की मेजबानी करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के जिलाधिकारियों को संबोधित करता है। लेटर में संबंधित जिला प्रशासन से परीक्षा के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

इसके अलावा लेटर में लिखा है कि परीक्षा 11 अगस्त को आयोजित होगी। यह पेपर दो शिफ्ट में होगा। सुबह की शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम की शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगी। सुबह की शिफ्ट में एंट्री का लास्ट टाइम 7 बजे है और दोपहर की शिफ्ट में एंट्री टाइम दोपहर डेढ़ बजे तक है।

सिटी स्लिप से नाखुश हैं स्टूडेंट्स

बता दें कि 11 अगस्त को होने वाली नीट पीजी परीक्षा के लिए इस साल 2,406,079 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। हाल ही में स्टूडेंट्स को उनके मोबाइल नंबर पर ही सिटी स्लिप भेजी गई है। सिटी स्लिप से अधिकतर छात्र नाखुश नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर स्टूडेंट्स की नाराजगी देखने को मिल रही है। नीट पीजी एडमिट कार्ड 8 अगस्त को जारी किया जाएगा।