जनसत्ता.कॉम की ‘सही हिंदी’ मुहिम का उद्देश्य है हिंदी को उसके मानकों के अनुरूप लिखने और बोलने की आदत को प्रोत्साहित करना है। इस शृंखला में हम हर कड़ी में एक शब्द को चुनते हैं और उसका सही अर्थ, व्याकरणिक स्वरूप और प्रयोग समझते हैं, ताकि पाठक न केवल उस शब्द का सही उपयोग कर सकें, बल्कि हिंदी की सुंदरता और शुद्धता को भी और गहराई से जान सकें।

आज का शब्द: किंकर्तव्यविमूढ़

सही हिंदी में आज की कड़ी का शब्द ‘किंकर्तव्यविमूढ़’ है। यह शब्द सुनने में जितना जटिल लगता है, अर्थ में उतना ही गहरा और रोचक है। यह एक ऐसा शब्द है जो किसी व्यक्ति की भ्रम, दुविधा और स्तब्धता की अवस्था को बहुत सुंदर ढंग से व्यक्त करता है।

सही हिंदी मुहिम: जानिए ‘अनधिकृत’ का अर्थ, संधि-विच्छेद, प्रयोग और उदाहरण

शब्द रचना

  • किंकर्तव्यविमूढ़= किम्+कर्तव्य+विमूढ़
  • किम् (किं)= क्या।
  • कर्तव्य= करना, कार्यभार, जिम्मेदारी यानी जो किया जाना चाहिए।
  • विमूढ़= भ्रमित, स्तब्ध, चकित।

सही हिंदी: जानिए ‘निर्विकार’ का अर्थ, रचना, प्रयोग और उदाहरण

संधि-विवरण

  • किम्+कर्तव्य= किंकर्तव्य (यहां ‘म्’ ध्वनि ‘क’ के पहले आने से “ं” में परिवर्तित हो जाती है।
  • फिर किंकर्तव्य’+विमूढ़= किंकर्तव्यविमूढ़ बनता है।

सही हिंदी: जानिए ‘आयुर्विज्ञान’ का अर्थ, संधि-विच्छेद, प्रयोग और उदाहरण

अर्थ

  • ‘किंकर्तव्यविमूढ़’ का अर्थ होता है
  • जो यह सोचकर भ्रमित या स्तब्ध हो कि क्या करे और क्या न करे।
  • जो दुविधा, असमंजस या स्तब्धता की स्थिति में हो।
  • सरल शब्दों में कहें तो ‘किंकर्तव्यविमूढ़’ व्यक्ति वह होता है जो किसी कठिन या अचानक परिस्थिति में निर्णय नहीं ले पाता।

सही हिंदी: जानिए ‘आविष्कार’ का अर्थ, संरचना, प्रयोग और उदाहरण

व्याकरणिक पहचान

  • शब्द भेद: यह एक विशेषण है।
  • विपरीतार्थक (विलोम): निश्चयवान, दृढ़, आत्मविश्वासी।
  • पर्यायवाची: भ्रमित, हतप्रभ, स्तब्ध।

सही हिंदी की मुहिम: जानिए ‘अपरिहार्य’ का अर्थ, संरचना, प्रयोग और उदाहरण

प्रयोग

‘किंकर्तव्यविमूढ़’ शब्द का प्रयोग किसी व्यक्ति की ऐसी मानसिक स्थिति के लिए किया जाता है जब वह परिस्थितियों के कारण निर्णय लेने में असमर्थ हो जाता है। यह शब्द साहित्य, धर्मग्रंथों और मनोवैज्ञानिक संदर्भों में भी प्रचलित है।

सही हिंदी: जानिए ‘विचक्षण’ का अर्थ, संरचना, प्रयोग और उदाहरण

उदाहरण

  • अर्जुन युद्धभूमि में अपने संबंधियों को देखकर किंकर्तव्यविमूढ़ हो गए थे।
  • अचानक आई आपदा ने पूरे गांव को किंकर्तव्यविमूढ़ कर दिया।
  • प्रश्न इतना कठिन था कि विद्यार्थी क्षणभर के लिए किंकर्तव्यविमूढ़ हो गए।
  • जीवन के दो-राहे पर खड़ा व्यक्ति अक्सर किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाता है।
  • एक तरफ मां की ममता, दूसरी ओर कर्तव्य का आह्वान- वह किंकर्तव्यविमूढ़ मन से खड़ी रही।
  • अचानक मिली नौकरी की दो पेशकशों में वह किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया कि किसे चुने।
  • अपने सबसे करीबी मित्र के विरोध में बोलने की स्थिति में वह किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया।