आईआईटी प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस (JEE Advanced) के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। आईआईटी गुवाहाटी ने रविवार को देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड का परिणाम जारी कर दिया। परीक्षा में शामिल छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। हैदराबाद जोन के वाविलला चिदविलास रेड्डी ने आईआईटी प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

हैदराबाद के चिदविलास रेड्डी को मिली पहली रैंक

इस साल परीक्षा का आयोजन करने वाले आईआईटी गुवाहाटी के अनुसार, रेड्डी ने 360 अंकों में से 341 अंक हासिल किए। अधिकारियों के मुताबिक, आईआईटी हैदराबाद जोन की ही नयाकांति नगा भव्या श्री 298 अंक प्राप्त कर लड़कियों में शीर्ष स्थान पर रहीं। आईआईटी गुवाहाटी ने जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की फाइनल आंसर की भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है।

1.8 लाख बच्चों ने दी थी जेईई एडवांस्ड की परीक्षा

IIT गुवाहाटी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, लगभग 1,95,000 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। आईआईटी गुवाहाटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आईआईटी-जेईई एडवांस्ड के दोनों पत्रों की परीक्षा में कुल 1,80,372 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिनमें से 43,773 ने क्वालीफाई किया है। इनमें से 36,204 लड़कों और 7,509 लड़कियों ने जेईई एडवांस्ड 2023 की परीक्षा उत्तीर्ण की। परीक्षा 4 जून को दो शिफ्ट में सुबह 9 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की गई थी।

JEE Advanced Result 2023: ऐसे चेक करें रिजल्ट

  • सबसे पहले जेईई एडवांस्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • होम पेज पर उपलब्ध जेईई एडवांस्ड 2023 रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें।
  • लॉगइन विवरण दर्ज करें और आपका परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।
  • रिजल्ट चेक करें और डाउनलोड करें।

जेईई एडवांस परीक्षा के लिए 360 अंकों का पेपर हुआ था। फिजिक्स के दो पेपर 120 अंक के थे, जिनमें पेपर 1- 60 अंक और पेपर 2- 60 अंक का होता है। केमिस्ट्री का दो पेपर भी 120 अंक के होते हैं। इसमें भी एक पेपर 60 अंकों का होता है। गणित में भी दो पेपर होते हैं, जो 120 अंकों के होते हैं।