भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर ने जेईई एडवांस्ड 2025 के लिए परीक्षा तिथि जारी कर दी है, आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, जेईई एडवांस्ड 2025 का आयोजन रविवार, 18 मई, 2025 को आयोजित किया जाएगा। संस्थान ने यह तिथि बोर्ड परीक्षाओं के टाइम टेबल को देखते हुए निर्धारित की है,ताकि इस एग्जाम और बोर्ड परीक्षाओं के बीच किसी तरह का टकराव पैदा न हो।

JEE Advanced 2025: कितनी शिफ्ट में होगी परीक्षा

मई 2025 में होने वाली जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा के लिए तीन घंटे का समय तय होता है, जिसमें छात्रों को दो पेपर (पेपर 1 और पेपर 2) हल करने होते हैं और छात्रों का इन दोनों पेपर में उपस्थित होना अनिवार्य है। जेईई एडवांस्ड का पेपर दो शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। पहली शिफ्ट में पेपर 1 होगा जो सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में पेपर 2 होगा जो दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

JEE Advanced 2025: छात्रों को मिलेंगे इतने मौके

इस बार, संयुक्त प्रवेश बोर्ड (JAB) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा एडवांस्ड (JEE एडवांस्ड) के लिए प्रयासों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन कर दी थी। हालांकि, घोषणा के कुछ सप्ताह बाद, JAB ने निर्णय वापस ले लिया और JEE एडवांस्ड में प्रयासों की संख्या से संबंधित पिछले वर्षों में इस्तेमाल की गई पात्रता मानदंड को बहाल कर दिया।

JEE Advanced 2025: आधिकारिक नोटिस

आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, “संयुक्त प्रवेश बोर्ड (जेएबी) ने 05 नवंबर, 2024 की प्रेस विज्ञप्ति में उल्लिखित मानदंड के स्थान पर जेईई (एडवांस्ड) में प्रयासों की संख्या से संबंधित पिछले वर्षों में इस्तेमाल किए गए पहले के पात्रता मानदंड को बहाल करने का फैसला किया है। 15 नवंबर, 2024 को आयोजित जेएबी की बैठक में विभिन्न प्रतिस्पर्धी आवश्यकताओं पर विचार करने के बाद ऐसा किया गया है। इसके परिणामस्वरूप 2013 से अपनाए गए पहले के पात्रता मानदंडों को बहाल कर दिया गया है। अन्य सभी पात्रता मानदंड समान हैं।”

JEE Advanced 2025: आयु सीमा

जेईई एडवांस्ड 2025 के लिए आयु सीमा 1 अक्टूबर 2000 को या उसके बाद पैदा हुए उम्मीदवारों के लिए है। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को पांच साल की आयु में छूट दी गई है, जिनका जन्म 1 अक्टूबर 1995 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए। जेईई एडवांस 2025 के लिए अन्य पात्रता समान रहेगी।