कश्मीर घाटी में इन दिनों बर्फबारी के चलते आम जन-जीवन काफी अस्त-व्यस्त हो चुका है। कश्मीर में लगातार बर्फबारी हो रही है जिसकी वजह से रेल सेवा और रोड यातायात काफी प्रभावित होता दिख रहा है। कश्मीर घूमने गए कई सैलानी वहां फंस गए हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद है। इन हालात के बीच कश्मीर यूनिवर्सिटी ने 30 दिसंबर 2024 (सोमवार) को होनी वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित करने का ऐलान कर दिया है। रविवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी सभी के लिए साझा की गई।

नई तारीख जल्द होंगी जारी

यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि सोमवार को जो परीक्षाएं होनी थी उन्हें स्थगित किया जा रहा है, उन परीक्षाओं की नई तारीख जल्द ही जारी की जाएंगी। बता दें कि कश्मीर में शुक्रवार और शनिवार को भारी बर्फबारी हुई, जिसके कारण घाटी के कुछ इलाकों का संपर्क टूट गया। हालांकि मुख्य राजमार्गों और मुख्य सड़कों से बर्फ हटा दी गई है, लेकिन केंद्र शासित प्रदेश के कुछ दूरदराज के इलाकों में अभी भी काम जारी है।

घाटी के कई इलाके शीतलहर की चपेट में

कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम इलाके में तापमान 0 डिग्री से भी नीचे जा चुका है। घाटी के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटक रिसॉर्ट शहर गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।