Independence Day Speech In Hindi 2024 (स्वतंत्रता दिवस पर भाषण हिंदी में 2024): देश में इस वक्त 78वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। पूरे देश के अंदर स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम एक हफ्ते पहले ही शुरू हो जाते हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थी सांस्कृतिक नृत्य, गीत और नाटक इत्यादि प्रस्तुत करते हैं। इसके अलावा कुछ बच्चों को इस मौके पर भाषण देने के लिए भी कहा जाता है। ऐसे में उन बच्चों को या उनके अभिभावकों को एक ऐसा भाषण तैयार करके रखना चाहिए जो सभी को देशभक्ति से सराबोर कर दे।

जोशीली पंक्तियों से भरा होगा भाषण

यहां हम इस आर्टिकल में ऐसा ही एक भाषण दे रहे हैं जो जोशीली पंक्तियों से भरा हुआ होगा। इस स्पीच में स्वतंत्रता सेनानियों का जिक्र होगा और भारत की पूरी छवि इस भाषण में नजर आएगी। स्वतंत्रता दिवस हर साल 15 अगस्त के दिन आता है। इसी दिन हमारा मुल्क अंग्रेजों की गुलामी की जंजीरे तोड़कर आजाद हुआ था। 15 अगस्त का दिन हिंदुस्तान की आजादी का सालगिरह के रूप में मनाया जाता है। इस दिन का इतिहास और महत्व बच्चों को जानना बहुत जरूरी है।

अब पेश है स्वतंत्रता दिवस का भाषण

आदरणीय प्रिंसिपल महोदय एवं शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों…

आज हम सभी यहां 78वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। भारतीय इतिहास में 15 अगस्त की तारीख विशेष महत्व रखती है। आज का यह दिन हमारे लिए इसलिए महत्व रखता है क्योंकि 1947 में आज ही के दिन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की बदौलत हम हिंदुस्तानी अंग्रेजों की गुलामी वाली बेड़ियां तोड़ने में कामयाब हुए थे। अंग्रेजों ने हम पर 200 साल तक राज किया था। ब्रिटिश शासन के चंगुल से आजादी दिलाने में हमारे सेनानियों का विशेष महत्व है।

हर भारतीय 15 अगस्त के इस खास दिन को स्वतंत्रता दिवस के तौर पर बड़ी धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाता आ रहा है। इस साल हमें आजादी मिले 77 बरस पूरे हो गए हैं। यह ऐतिहासिक दिन है और हमारे देशवासियों के बीच देशप्रेम, समर्पण और एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस का दिन देश में राष्ट्रीय अवकाश के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन भारत के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जाती है जिनके त्याग और बलिदान के चलते भारत तो अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली थी।

आज का दिन इनकी बहादुरी, वीरता और शौर्य को नमन करने का दिन है। देश के इन स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी को पाने के लिए हमने लंबा संघर्ष किया। अपना पूरा जीवन, पूरी जवानी आजादी को पाने में झोंक दी। देश को आजाद कराने में महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, मंगल पाण्डे, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु, सुखदेव, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाला लाजपत राय,जवाहरलाल नेहरु, बाल गंगाधर तिलक जैसे कई क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों का अहम योगदान रहा।

भारत मां के इन सच्चे सपूतों के लंबे संघर्ष के कारण स्वतंत्रता का सपना साकार हुआ। आज 15 अगस्त, 1947 का जिक्र होते ही गर्व से हर भारतीय का सीना चौड़ा हो उठता है। स्वतंत्रता दिवस के दिन देश के प्रधानमंत्री लाल किला पर तिरंगा फहराते हैं। 21 तोपों की सलामी दी जाती है। राष्ट्रीय गान होता है। प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते है और कई अहम घोषणाएं करते हैं।

इस दिन देश के विकास, समस्याएं और चुनौतियां पर मंथन होता है। इस ऐतिहासिक अवसर पर हमें एकता, विविधता और प्रगति के उन मूल्यों को बनाए रखने के लिए शपथ लें, जिनके लिए हमारा देश जाना जाता है। हमें आज के दिन संविधान में लिखी बातों का पालन करने का संकल्प लेना चाहिए।

आखिर में मैं यही कहना चाहता हूं सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा, हम बुलबुलें हैं इसकी यह गुलसितां हमारा। स्वतंत्रता दिवस की आप सभी को ढेर सारी शुभकामनाएं। जय हिंद, जय भारत