केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) आज, 8 अक्टूबर 2025 को बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए LOC (List of Candidates) फॉर्म भरने की प्रक्रिया समाप्त कर देगा। यह फॉर्म केवल स्कूलों और प्राचार्यों के लिए उपलब्ध है, जिसे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर भरा जा सकता है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो स्कूल आज की अंतिम तिथि तक LOC फॉर्म नहीं भर पाए हैं, वे लेट फीस के साथ 11 अक्टूबर 2025 तक फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी परिस्थिति में अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।

स्कूलों के लिए जरूरी निर्देश

सीबीएसई ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि वे अपने स्कूलों के सभी विद्यार्थियों का LOC निर्धारित समय सीमा के भीतर भरें और जमा करें। जो स्कूल अंतिम तिथि तक LOC जमा नहीं करेंगे, उनके विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित स्कूल की होगी।

CBSE Board Exam 2026: LOC फॉर्म कैसे भरें

स्टेप 1. सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं।

स्टेप 2. होम पेज पर उपलब्ध ‘Board Exam’ लिंक पर क्लिक करें।

स्टेप 3. नए खुले ड्रॉपडाउन में ‘LOC’ लिंक चुनें।

स्टेप 4. ऑनलाइन पंजीकरण करें और सभी आवश्यक विवरण भरें।

स्टेप 5. लेट फीस का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करें।

स्टेप 6. सबमिट करने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करें।

स्टेप 7. भविष्य के लिए इसकी हार्ड कॉपी अपने पास रखें।

CBSE Board Exam 2026: परीक्षा तिथि

सीबीएसई ने पहले ही कक्षा 10वीं और 12वीं की संभावित डेटशीट जारी कर दी है।

कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षाएं: 17 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक

कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षाएं: 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक

अधिकांश दिनों में परीक्षा समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा, जबकि कुछ विषयों के लिए 10:30 से 12:30 बजे तक परीक्षा होगी।

45 लाख छात्र होंगे शामिल

सीबीएसई के मुताबिक, कक्षा 10 और 12 की परीक्षा 2026 में भारत और विदेशों के 26 देशों में लगभग 45 लाख छात्र शामिल होंगे। बोर्ड कुल 204 विषयों में परीक्षा आयोजित करेगा।

अधिक जानकारी और नवीनतम अपडेट के लिए छात्र एवं स्कूल सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जा सकते हैं।