बिहार में 12वीं बोर्ड के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। कुल 87.21 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। साइंस स्ट्रीम से मृत्युंजय कुमार पूरे राज्य में टॉपर हैं। उन्हें 481 नंबर मिले हैं। उनका कुल प्रतिशत 96.2 रहा है। आर्ट्स में तुषार कुमार ने टॉप किया है। उन्हें 482 अंक मिले हैं। उनका कुल प्रतिशत 96.4% रहा है। कॉमर्स में प्रिया कुमारी ने टॉप किया है। उन्हें 478 अंक मिले हैं। उनका पासिंग प्रतिशत 95.61 प्रतिशत है।

लड़कियों ने मारी बाजी

बिहार बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों ने एकबार फिर लड़कों के मुकाबले बाजी मार ली है। लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 88.84 प्रतिशत रहा है जबकि लड़कों का पासिंग प्रतिशत 85.69 प्रतिशत रहा है। बिहार बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में 6,22,217 लड़कियां बैठी थीं जिसमें से 5,52,783 लड़कियां पास हुई हैं। वहीं लड़कों की संख्या 6,69,467 थी। इसमें से 5,73,656 लड़के पास हुए हैं।

हर स्ट्रीम में भी लड़कियां हैं लड़कों से आगे

लड़कियों ने हर स्ट्रीम में लड़कों से कहीं आगे बाजी मारी है। आर्ट्स में लड़कियां का पासिंग प्रतिशत 88.07 फीसदी है जबकि 83.17 फीसदी लड़के पास हुए हैं। कॉमर्स में 96.91 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं जबकि लड़कों का पासिंग प्रतिशत 93.86 प्रतिशत है। साइंस में 89.71 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं। वहीं 86.73 फीसदी लड़के पास हुए हैं।

पिछले 5 साल का सबसे बेहतर रिजल्ट

इस बार का रिजल्ट पिछले 5 साल का सबसे बेहतरीन रिजल्ट है। BSEB के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इस साल का पासिंग प्रतिशत पिछले पांच का सबसे बेहतर है। 2023 में 83.7 फीसदी छात्र पास हुए थे। वहीं 2022 में करीब 80 फीसदी छात्र-छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा पास की थी। 2021 में 78.04 फीसदी छात्र-छात्राओं ने 12वीं पास की थी। वहीं साल 2020 में छात्रों का पासिंग प्रतिशत 80.44 रहा था। साल 2019 में तीनों स्ट्रीम को मिलाकर 79.76 % छात्र पास हुए थे।