Assam Board HSLC 10th Result 2023: असम बोर्ड (Assam Board) ने कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। असम बोर्ड ने SEBA HSLC कक्षा 10वीं का रिजल्ट आज सुबह 10 बजे घोषित किया है। असम बोर्ड कक्षा 10वीं का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट sebaonline.org और resultsassam.nic.in पर उपलब्ध है। असम में कक्षा दसवीं के 72.69 फीसदी बच्चे पास हुए हैं। लड़कों के पास होने की संख्या लड़कियों से अधिक है।

रोल नंबर के जरिए छात्र देख सकते अपने नतीजे

असम बोर्ड के कक्षा दसवीं में 74.71 फीसदी लड़के पास हुए हैं, जबकि लड़कियों का पास प्रतिशत 70.96 है। असम बोर्ड कक्षा दसवीं की परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल तक चली थी। रोल नंबर के जरिए छात्र अपने नतीजे देख सकते हैं। असम के चिरांग जिले का रिजल्ट सबसे अच्छा रहा है। यहां पर 88.68% छात्र पास हुए हैं। वहीं धुबरी जिले का रिजल्ट सबसे खराब रहा है। यहां पर 63.35 छात्र पास हुए हैं।

असम बोर्ड के कक्षा 10वीं में हृदम ठाकुरिया ने टॉप किया है। वह शंकर देव शिशु निकेतन स्कूल की छात्रा हैं। वहीं असम बोर्ड 10वीं में दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 4 स्टूडेंट रहे। इनमें इशरत फातिहा, लकी देवी चौधरी, मनमिता सर्मा और आदित्य अनुपम कुंवर शामिल हैं। असम बोर्ड 10वीं कक्षा का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट sebaonline.org पर उपलब्ध है। इसके अलावा resultsassam.mic.in, indiaresults.com, assam.shiksha पर भी रिजल्ट उपलब्ध है।

असम के शिक्षा मंत्री ने रनोज पेगु ने SEBA HSLC रिजल्ट 2023 डेट और टाइम की घोषणा आज सुबह सुबह 8 बजे की थी। असम के 4.22 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने कक्षा 10वीं की परीक्षा दी थी। पिछले वर्ष 4.19 लाख स्टूडेंट्स SEBA HSLC एग्जाम में सम्मिलित हुए थे।

राजस्थान बोर्ड भी 10वीं का रिजल्ट जल्द जारी कर सकता

वहीं राजस्थान बोर्ड भी 10वीं का रिजल्ट जल्द जारी करने वाला है। हाल ही में बोर्ड ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट जारी किया था, लेकिन अब बोर्ड जल्द दसवीं कक्षा का भी रिजल्ट घोषित कर सकता है। राजस्थान दसवीं बोर्ड की परीक्षा 16 मार्च से 13 अप्रैल तक आयोजित की गई थी और 10 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी।