असम सरकार ने शुक्रवार को असम डायरेक्ट रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (ADRE) के तहत 7,650 ग्रेड-III पदों के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार अपने कार्यकाल में करीब दो लाख सरकारी नियुक्तियों के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है।
किन पदों पर कितनी है रिक्तियां ?
राज्य स्तरीय भर्ती आयोग (क्लास-III पदों) के अध्यक्ष और अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी ने बताया कि घोषित परिणामों में 50 विभागों के रिक्त पद शामिल हैं। इनमें कृषि विभाग में सर्वाधिक 1,850 पद, पंचायती एवं ग्रामीण विकास विभाग में 873 पद, और स्कूल शिक्षा विभाग में 581 पद हैं।
इतने उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
उन्होंने बताया कि इन पदों की परीक्षाएं सितंबर 2024 में राज्य के 28 जिलों में आयोजित की गई थीं, जिनमें 17 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया था।
जल्द जारी होगा इस सरकारी नौकरी का रिजल्ट
अजय तिवारी ने आगे कहा कि ADRE परिणामों के साथ ही 625 पुलिस पदों—जिनमें सब-इंस्पेक्टर, कांस्टेबल और ग्रेड-IV कर्मचारी शामिल हैं—की चयन सूची भी जारी की गई है। वहीं, 5,614 अतिरिक्त पुलिस पदों के परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा,
“एक बार फिर हमने स्वच्छ, पारदर्शी और योग्यता-आधारित भर्ती का वादा पूरा किया है। ADRE और अन्य परिणामों की घोषणा के साथ, असम ने ईमानदारी, निष्पक्षता और अवसर का नया मानक स्थापित किया है।”
उन्होंने आगे लिखा,
“हमने 1 लाख नियुक्तियों का वादा किया था, और आज हम लगभग 2 लाख सरकारी नियुक्तियों के लक्ष्य की दिशा में अग्रसर हैं। असम के युवाओं का भविष्य सुरक्षित है और उनकी मेहनत ही ‘नए असम’ की सफलता की पहचान है।”
भर्ती परीक्षा से जुड़े मुख्य तथ्य
कुल घोषित पद: 7,650 (ग्रेड-III)
विभागों की संख्या: 50
सबसे अधिक रिक्तियां: कृषि विभाग (1,850)
परीक्षा तिथि: सितंबर 2024
उम्मीदवारों की संख्या: 17 लाख से अधिक
पुलिस पदों के परिणाम: 625 जारी, 5,614 शनिवार को घोषित होंगे
Direct link to check Assam Grade III Result 2025